Ashes 2023: दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका, मैदान में नहीं उतरेगा दिग्गज खिलाड़ी
England vs Australia 5th Test, Day 2: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवें टेस्ट के दूसरे दिन का खेल शुरू किया जा चुका है। दूसरे दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों की कोशिश जल्द से जल्द विकेट झटकने पर होगी। चौथा मैच ड्रा पर समाप्त होने के बाद इंग्लैंड के लिए इस मुकाबले में जीत हासिल करना बेहद जरूरी हो गया है।
283 रन पर सिमटी थी इंग्लैंड की पारी: पांचवे टेस्ट में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 283 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की तरफ से हैरी ब्रूक ने सबसे अधिक 85 रनों की पारी खेली। हैरी ब्रूक के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक जड़ने में सफल नहीं हो सका था। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 61 रन बना लिए थे।

इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे दिन के खेल शुरू होने से पहले ही इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड की टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोईन अली दूसरे दिन फील्डिंग करने के लिए मैदान में नहीं उतरेंगे। मोईन अली गेंद के साथ इंग्लैंड की टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते थे। लेकिन इंजरी के कारण दूसरे दिन वह टीम के लिए गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे।
जैक क्राउली और बेन डकेट की अच्छी शुरुआत: इंग्लैंड की तरफ से दोनों सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ही खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन इसके बाद टीम का कोई भी खिलाड़ी बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। जिसका नतीजा यह हुआ कि टीम 300 के स्कोर तक भी नहीं पहुंच सकी।
इंग्लैंड के लिए जीत जरूरी: पांच मैचों की एशेज सीरीज के पहले दो मुकाबलों को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया था। तीसरे मैच में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद सीरीज का चौथा मुकाबला ड्रा पर आकर खत्म हो गया। ऐसे में इंग्लैंड की टीम को पांचवां मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह इस सीरीज को गंवा देगी।












Click it and Unblock the Notifications