Ashes 2023: मैनचेस्टर टेस्ट में बारिश फिर बनी विलेन, 5वें दिन भी धुला पहले सेशन का खेल
England vs Australia, 4th Test: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। टेस्ट के अंतिम और निर्णायक पांचवें दिन बारिश के कारण मैच शुरू होने में लगातार देरी हो रही है, जोकि इंग्लैंड की एशेज हासिल करने की उम्मीद के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।
दरअसल, मैनचेस्टर में लगातार हो रही बारिश के कारण चौथे मैच के 5वें दिन का खेल शुरू नहीं हो पाया है। बारिश के कारण पहले सेशल का खेल धुल गया। फिलहाल, बारिश के रुकने की कोई उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होना था, जोकि अब तक नहीं हो सका है।

सीरीज में 2-1 से पिछड़ने के बाद बेन स्टोक्स की टीम को यह खेल और अगले सप्ताह ओवल में अंतिम टेस्ट दोनों जीतना होगा, अन्यथा ऑस्ट्रेलिया सीरीज अपने नाम कर लेगी। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलियाई ने दूसरी पारी में पांच विकेट गंवाकर 214 रन बना लिए हैं। बारिश से प्रभावित एक और दिन के बाद भी वह अभी भी 61 रन से पीछे हैं।
दरअसल, मौसम साफ होने के बाद भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे खेल शुरू करवाने की योजना बनाई गई, लेकिन मैदान के निरीक्षण से कुछ समय पहले फिर से बारिश शुरू हो गई, जिससे खेल में और भी देरी हुई। अगर ऑस्ट्रेलिया ड्रॉ से बच गया तो मैनचेस्टर में शानदार प्रदर्शन के बाद स्टोक्स एंड कंपनी के लिए यह करारा झटका होगा।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन अभी भी इंग्लैंड से 61 रन पीछे हैं और उनके केवल पांच विकेट बचे हैं। फिलहाल क्रीज पर मिचेल मार्श (31*) और कैमरन ग्रीन (3*) जमे हुए हैं। मैनचेस्टर में बारिश लगातार जारी है और यह मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है। इंग्लैंड के प्रशंसक फिलहाल बारिश के रुकने की प्रार्थना कर रहे होंगे।
मैच ड्रॉ होने पर किस टीम का होगा फायदा?
दरअसल, मैनचेस्टर में हो रही बारिश का सीधा-सीधा फायदा ऑस्ट्रेलिया को होगा। पैट कमिंस अगुवाई वाली टीम सीरीज में पहले से ही 2-1 से बढ़त बनाए हुए हैं। ऐसे में अगर मैच ड्रॉ होता है तब ऑस्ट्रेलिया की टीम हार से बच जाएगी, और इसका नुकसान इंग्लैंग को होगा। इंग्लैंड की टीम आखिरी मैच जीतने के बावजूद सीरीज पर कब्जा नहीं कर पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications