ENG vs NZ: जो रूट के शतक से जीता इंग्लैंड, 10 हजारी बन लॉर्डस के मैदान पर लगा दी रिकॉर्डस की झड़ी
नई दिल्ली। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्डस के मैदान पर खेला गया, जहां पर इंग्लिश टीम ने 5 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम ने जीत के साथ आगाज करते हुए एक बार फिर से जीत की राह पर वापसी कर ली है। न्यूजीलैंड की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, हालांकि इंग्लिश गेंदबाजों के सामने वो अच्छी शुरुआत हासिल करने में नाकाम रहे और पहली पारी में 132 रन के स्कोर पर सिमट गये।
Recommended Video

जवाब में कीवी गेंदबाजों ने भी अच्छी शुरुआत की और पहले दिन ही 7 विकेट चटका दिये और इंग्लैंड की टीम को पहली पारी में 141 रन के स्कोर पर समेट दिया। इस मैच में पहले दिन ही 17 विकेट गिरे जिसने भारतीय पिचों पर सवाल खड़े करने वालों की चुप्पी पर कई भारतीय विशेषज्ञों ने तंज कसा, हालांकि जैसे-जैसे समय बीता इस पिच पर बैटिंग करना आसान हो गया।
और पढ़ें: मोहम्मद अजहरुद्दीन ने विराट कोहली को लेकर की भविष्यवाणी, बताया- कब होगी फॉर्म में वापसी

मिचेल-ब्लंडेल के दम पर कीवी टीम ने की वापसी
दूसरे दिन के पहले सेशन में इंग्लैंड को 141 रन पर समेटने के बाद बैटिंग करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत फिर से अच्छी नहीं रही और उसने महज 56 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये, हालांकि यहां से डैरिल मिचेल (108) और टॉम ब्लंडेल (96) ने 195 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम की वापसी करा दी, लेकिन मैच के तीसरे दिन इंग्लिश गेंदबाजों ने फिर से वापसी कराई और 35 रन के अंदर 5 विकेट झटक कीवी टीम को 285 रन पर समेट दिया।

रूट के शतक से जीता इंग्लैंड
इसके चलते इंग्लैंड की टीम को चौथी पारी में जीत के लिये 279 रन की दरकार रह गई, जिसे उसने खराब शुरुआत के बाद आसानी से हासिल कर लिया। इंग्लैंड की टीम ने 69 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये थे, जिसके बाद जो रूट (नाबाद 115) ने कप्तान बेन स्टोक्स (54) के साथ पारी को संभाला और पांचवे विकेट के लिये 90 रनों की साझेदारी की। जैमिसन ने अपनी टीम को 5वीं सफलता जरूर दिलाई लेकिन जो रूट ने बेन फोक्स (32) के साथ मिलकर 120 रनों की नाबाद साझेदारी कर डाली और अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।

26वें शतक के साथ ही जो रूट बने 10 हजारी
इस दौरान जो रूट ने एक बार फिर से शानदार बल्लेबाजी की और अपने टेस्ट करियर का 26वां शतक पूरा किया। अपना 26वां टेस्ट शतक पूरा करने के साथ ही जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे कर लिये हैं और इंग्लैंड के लिये यह कारनामा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं। जो रूट ने 77वें ओवर की तीसरी गेंद पर टिम साउथी के खिलाफ 2 रन लेकर यह उपलब्धि हासिल की। वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले 14वें खिलाड़ी भी बन गये हैं।

एक ही उम्र में हासिल किया 10 हजार रन का रिकॉर्ड
जो रूट से पहले इंग्लैंड के लिये 10 हजार रनों के आंकड़े को छूने का कारनामा सिर्फ पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने किया था जिन्होंने 161 टेस्ट मैचों में 45.4 की औसत से कुल 12472 रन बनाये थे। हालांकि जो रूट ने सबसे तेज इस आंकड़े को हासिल करने वाले इंग्लिश बैटर के रिकॉर्ड में एलिस्टर कुक को पीछे छोड़ दिया है। एलिस्टर कुक ने इस रिकॉर्ड को हासिल करने में 10 साल 87 दिनों का समय लिया था जबकि जो रूट ने इस कारनामे को अपने नाम करने में 9 साल 175 दिनों का समय लिया है। हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी उम्र के एक ही दिन पर यह कारनामा हासिल किया है। एलिस्टर कुक और जो रूट दोनों ने ही 31 साल 157 दिन की उम्र में यह कारनामा अपने नाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications