RCB को खिताब दिलाने वाले रजत पाटीदार फिर बने हीरो, 10 साल बाद अब इस टीम को दिलाई दिलीप ट्रॉफी
Duleep Trophy 2025 final: दिलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन ने साउथ जोन को छह विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। लंबे इंतजार के बाद यह सेंट्रल जोन की पहली जीत है। सेंट्रल जोन ने रजत पाटीदार की कप्तानी में 10 साल बाद इस खिताब को अपने नाम किया है। आखिरी बार उन्होंने 2014-15 सीजन में पियूष चावला की कप्तानी में ट्रॉफी जीती थी। बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर खेला गया यह मुकाबला रोमांचक रहा।
सेंट्रल जोन का दमदार प्रदर्शन (Duleep Trophy 2025 final)
फाइनल मैच की शुरुआत से ही सेंट्रल जोन ने दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहली पारी में 511 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में साउथ जोन की पूरी टीम सिर्फ 149 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर साउथ का यह प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। इसी ने मुकाबले की दिशा लगभग तय कर दी। हालांकि दूसरी पारी में साउथ ने वापसी करने की कोशिश की और 426 रन बनाए, लेकिन बढ़त पहले ही सेंट्रल के पक्ष में चली गई थी।

सरांश जैन बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
आखिरी दिन सेंट्रल जोन को जीत के लिए सिर्फ 65 रन चाहिए थे। हालांकि टीम ने चार विकेट जरूर गंवाए, लेकिन लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने मैदान पर ट्रॉफी के साथ जश्न मनाया। मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सरांश जैन को टूर्नामेंट का 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। उन्होंने कुल 16 विकेट झटके और बल्ले से भी दो अहम अर्धशतक लगाए।
जीत के बाद कही ये बात
सरांश ने कहा कि यह सीरीज उनके लिए बेहद खास है क्योंकि इससे घरेलू सत्र की मजबूत शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खिंचता है और आगे के टूर्नामेंट्स के लिए आत्मविश्वास मिलता है। साउथ जोन के कोच ने माना कि उनकी टीम की बल्लेबाजी पहली पारी में बेहद कमजोर रही। उन्होंने कहा कि कुछ शॉट्स गैर-जरूरी थे, लेकिन यह युवा खिलाड़ियों के लिए एक सीख है और वे इससे सबक लेकर आगे बढ़ेंगे।
मैच का ऐसा रहा हाल
साउथ जोन: 149 और 426
सेंट्रल जोन: 511 और 66/4 (20.3 ओवर में)
प्लेयर ऑफ द मैच: यश राठौड़
प्लेयर ऑफ द सीरीज़: सरांश जैन












Click it and Unblock the Notifications