दिनेश कार्तिक ने बताया वो कारण, जिसके चलते मैच हार गया भारत

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कड़ी हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने खेल के चाैथे दिन 7 विकेट से मैच अपने नाम कर तीन मैचों की सीरीज को 1-1 पर ला दिया। भारत ने पहले टेस्ट में बड़ी आसानी के साथ 113 रनों से मैच जीता था, लेकिन दूसरे टेस्ट में कुछ गलतियां रहीं, जिस कारण मैच हाथ से निकल गया। वहीं अब पूर्व अनुभवी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपनी राय रखते हुए वो कारण बताया जिसके चलते मैच हार गए।
कार्तिक का कहना है कि मोहम्मद सिराज की अनुपस्थिति में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच गंवाना पड़ा। खेल के पहले ही दिन में 27 वर्षीय सिराज अपनी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए थे। पहली पारी में सिराज सिर्फ 9.5 ओवर की गेंदबाजी ही कर सके थे, जिसके बाद दूसरी पारी में 6 ओवर ही फेंक सके थे। कार्तिक की राय थी कि हैमस्ट्रिंग की चोट ने सिराज को काफी परेशानी में डाल दिया था, जिसके कारण सिराज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके।
यह भी पढ़ें- WTC Points Table : साउथ अफ्रीका ने लगाई लंबी छलांग, जानें किस नंबर पर है भारत

हैमस्ट्रिंग की चोट ने गेंदबाजी इकाई को बैकफुट पर ला दिया
कार्तिक ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए कहा, "भारत दुनिया में नंबर एक टेस्ट टीम है, वो इस हार से थोड़ा निराश होंगे। उन्होंने शायद अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी नहीं की। और इस टेस्ट मैच में भारत के संघर्ष का मुख्य कारण स्पष्ट रूप से सिराज की अनुपस्थिति थी। हैमस्ट्रिंग की चोट ने न केवल सिराज को बैकफुट पर ला दिया, बल्कि इसने भारत की गेंदबाजी इकाई को भी बैकफुट पर ला दिया। क्योंकि वह गेंद को अंदर और बाहर अच्छी तरह से सीम करने की क्षमता रखते हैं। और यह एक बड़ा अंतर साबित हुआ।"

शार्दुल की भी प्रशंसा की
कार्तिक ने शार्दुल ठाकुर की भी प्रशंसा की, जिन्होंने साउथ अफ्रीका की पहली पारी में सात विकेट लिए और 17.5 ओवर में 61 रन दिए। ठाकुर ने दूसरी पारी में एडेन मार्कराम को भी आउट किया, हालांकि उनके प्रयास व्यर्थ गए। इसके अलावा कार्तिक ने दूसरी पारी में अर्धशतक बनाने के लिए चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की प्रशंसा की। पुजारा और रहाणे दोनों ही उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण आलोचनाओं के घेरे में आ गए थे।
कार्तिक ने कहा, ''शार्दुल ठाकुर को श्रेय जाता है। वह बहुत अच्छा प्रदर्शन करते दिखे। जब भी वह गेंदबाजी करने आए, उन्होंने हर बार मौके बनाए। रहाणे और पुजारा द्वारा अच्छी बल्लेबाजी करने के अलावा शार्दुल भी इस टेस्ट में भारत के लिए सबसे बड़ा प्लस था। शार्दुल ने भी दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की। उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण पारी थी और उनके स्ट्रोकप्ले में उनके इरादों को देखकर अच्छा लगा।" शार्दुल ने दूसरी पारी में 24 गेंदों में 28 रन बनाए थे।

कोहली के बगैर उतरते थे मुकाबले में
भारत दूसरा टेस्ट सात विकेट से हार गया और डीन एल्गर की अगुवाई में प्रोटियाज तीन मैचों की सीरीज में बराबरी करने में सफल रहा। केएल राहुल ने इस मैच की कप्तानी की, क्योंकि विराट कोहली चोट के कारण बाहर हो गए थे। तीसरा टेस्ट 11 जनवरी से केपटाउन के न्यूलैंड्स में शुरू होना है, जिसमें कोहली खेलते दिख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications