विराट कोहली पर दिनेश फलाहारी के फ्रेश आरोप, प्रेमानंद महाराज से पहली मुलाकात के बाद की घटना पर बड़ा दावा
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का प्रेमानंद महाराज से जुड़ाव एक बार फिर चर्चा में है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने अब इस रिश्ते को लेकर नए गंभीर दावे किए हैं। इससे पहले 5 करोड़ में महाराज से मुलाक़ात के दावे के बाद कोहली के प्रवक्ता ने बयान जारी कर सभी दावों को गलत बताया था।
अब फिर से दिनेश फलाहारी ने आरोप लगाया कि विराट और अनुष्का की प्रेमानंद महाराज से शुरुआती मुलाकात आध्यात्मिक आस्था से ज्यादा एक प्रचार रणनीति का हिस्सा थी। ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए एक महाराष्ट्र स्थित पीआर कंपनी और राजस्थान से जुड़ा एक प्रॉपर्टी ग्रुप सक्रिय था। इसी सिलसिले में उन्होंने दावा किया कि विराट कोहली को महाराज से पहली बार मिलने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे।

'पहली मुलाकात के पैसे वापस लौटा दिए'
फलाहारी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि विराट कोहली शुरुआती दौर में कथित तौर पर एक बिजनेस अरेंजमेंट के तहत महाराज के पास पहुंचे थे। उनका दावा है कि पहली मुलाकात के बाद प्रेमानंद महाराज की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और इसके बाद विराट के नजरिए में भी बदलाव आया।
उन्होंने यहां तक कहा कि विराट को बाद में लगा कि पहली मुलाकात के लिए पैसे लेना गलत था। फलाहारी के मुताबिक दूसरी बार मिलने पर विराट ने बड़ी रकम वापस कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आज विराट महाराज के साथ रहने वाले साधु-संतों और अन्य लोगों के लिए रोजाना होने वाले अन्नदान का खर्च उठाते हैं।
फलाहारी ने अनुष्का शर्मा को लेकर भी दावा किया कि वह अब राधा रानी की श्रद्धालु बन चुकी हैं। उनका कहना था कि यह जोड़ी शुरुआत में व्यावसायिक उद्देश्य से पहुंची थी लेकिन बाद में दोनों की आस्था वास्तविक रूप से जुड़ गई।
आश्रम के वित्तीय मामलों की जांच की मांग
फलाहारी ने सिर्फ विराट कोहली से जुड़ा दावा ही नहीं किया, बल्कि प्रेमानंद महाराज से जुड़े पूरे तंत्र की जांच की मांग भी उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए सरकारी जमीन पर कब्जे और वित्तीय गड़बड़ियों में शामिल रहे हैं। उनका कहना है कि आश्रम और उससे जुड़े लोगों के बैंक खातों तथा वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस पूरे मामले में सीबीआई जांच की मांग भी की है।


Click it and Unblock the Notifications
