IND vs SL: गॉल टेस्ट के बीच में श्रीलंकाई टीम में बड़ा बदलाव, प्लेइंग 11 में नया नाम शामिल, ICC से मिली अनुमति
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा। अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान चोटिल होने के बाद मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पसिंदु सूरियाबंडारा को कन्कशन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने इस बदलाव की जानकारी दी है और मैच रेफरी ने भी रिप्लेसमेंट को मंजूरी दे दी है।
यह घटना भारत की दूसरी पारी के दौरान हुई। चांदीमल बाउंड्री बचाने के प्रयास में तेजी से दौड़े और गेंद रोकने के लिए डाइव लगा दी। इस दौरान उनका कंधा और सिर जमीन से जोर से टकराया। चोट लगने के बाद वह काफी असहज नजर आए और मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। चांदीमल को स्कैन के लिए भी ले जाया गया था।

श्रीलंका क्रिकेट के बयान में कहा गया कि चांदीमल का स्कैन साफ रहा और उसमें किसी अंदरूनी चोट के संकेत नहीं मिले। इसके बाद टीम के डॉक्टर और फिजियोथेरेपिस्ट ने मैदान पर उनका कन्कशन असेसमेंट किया। इस जांच के बाद उन्हें मैच में आगे खेलने के लिए फिट नहीं माना गया। यही वजह है कि उन्हें मैच के बीच में बाहर कर दिया गया।
रिप्लेसमेंट की हुई घोषणा
चांदीमल की जगह पसिंदु सूरियाबंडारा को कन्कशन रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया गया है। मैच रेफरी ने इस बदलाव को मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि चांदीमल अब गॉल टेस्ट में श्रीलंका की अगली पारी में बल्लेबाजी करने नहीं उतरेंगे और उनकी जगह सूरियाबंडारा टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।
चांदीमल का बाहर होना श्रीलंका के लिए इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि वह टीम के अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल हैं। पहली पारी में वह बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके थे और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए थे। अब दूसरी पारी से पहले उनके बाहर होने से श्रीलंका की बल्लेबाजी लाइनअप पर भी असर पड़ सकता है।
क्या है आईसीसी का नियम
शुरुआती स्कैन में किसी गंभीर अंदरूनी चोट का पता नहीं चला है। उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनकी स्थिति को लेकर सबसे बड़ा कारण कन्कशन असेसमेंट का नतीजा है। श्रीलंका ने इसी प्रोटोकॉल के तहत पसिंदु सूरियाबंडारा को रिप्लेसमेंट के तौर पर उतारने का फैसला किया है। आईसीसी के नियमों के अनुसार जो खिलाड़ी कन्कशन के तहत बाहर होता है, उसे रिप्लेस उसी तरह का खिलाड़ी कर सकता है। यानी गेंदबाज बाहर हुआ है, तो गेंदबाज ही खेलेगा। बल्लेबाज बाहर हुआ, तो बल्लेबाज को ही लाया जा सकता है।
भारतीय टीम हुई ऑल आउट
मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम दूसरी पारी में 193 के स्कोर पर आउट हो गई, ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। श्रीलंकाई टीम को मैच जीतने के लिए 372 रनों का लक्ष्य मिला है। श्रीलंका की पारी से पहले ही बारिश ने खलल डालने का काम किया।


Click it and Unblock the Notifications
