कौन हैं देवजीत सैकिया? जय शाह के बाद संभालेंगे ये बड़ी जिम्मेदारी, BCCI ने किया ऐलान
Who is Devajit Sakia: बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने देवजीत सैकिया को बोर्ड के कार्यवाहक सचिव के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति इस वजह से की गई है क्योंकि जय शाह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन बन गए हैं, जिससे बीसीसीआई के सचिव का पद खाली हो गया था। बिन्नी ने अपनी संवैधानिक शक्तियों का उपयोग करते हुए सैकिया को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
जानिए क्या कहता है नियम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नियमों के अनुसार, जब तक स्थाई सचिव की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक कार्यवाहक सचिव बोर्ड के कामकाज को संभाल सकता है। यह अस्थाई व्यवस्था होती है, जिसका उद्देश्य बोर्ड के दैनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाना है। कार्यवाहक सचिव को बोर्ड के सामान्य कार्यों और निर्णयों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, लेकिन वह स्थाई सचिव के रूप में कार्य नहीं कर सकता। स्थाई सचिव की नियुक्ति के बाद कार्यवाहक सचिव का पद स्वतः समाप्त हो जाता है।

कौन हैं देवजीत सैकया
देवजीत सैकया का जन्म 1969 में गुवाहाटी, असम में हुआ था। उन्हें भारतीय क्रिकेट में अपनी अहम भूमिका के लिए जाना जाता है। सैकिया को असम टीम की ओर से क्रिकेट खेलते हुए एक बड़ा अवसर 1984 में सीके नायडू ट्रॉफी में मिला था। इसके बाद वह असम अंडर-19 टीम के सदस्य रहे और 1989 तक उन्होंने इस टीम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
साल 2019 में बने थे बीसीसीआई के जॉइंट सेक्रेटरी
सैकिया का क्रिकेट करियर केवल घरेलू स्तर तक सीमित नहीं था। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के साथ ईस्ट जोन की ओर से भी क्रिकेट खेला। साल 2019 में देवजीत सैकिया को बीसीसीआई (BCCI) के जॉइंट सेक्रेटरी के रूप में नियुक्त किया गया। इस समय, सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष थे। सैकिया की यह सफलता न केवल असम के क्रिकेट के लिए बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
सैकिया ने 1991 में असम की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर में केवल 4 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने कुल 53 रन बनाए। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 24 रन था।












Click it and Unblock the Notifications