भारत के वेस्टइंडीज दौरे से पहले पूर्व कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान, अब केवल टी20 लीग में आएंगे नजर
टीम इंडिया के वेस्टइंडीज दौरे पर उड़ान भरने से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है।
नई दिल्ली, 18 जुलाई: टीम इंडिया के वेस्टइंडीज दौरे पर उड़ान भरने से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन (Denesh Ramdin) ने तत्काल प्रभाव से इंटरनेशल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रामदीन लंबे समय ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच साल 2019 में भारत के खिलाफ खेला था। वह विंडीज के स्टार खिलाड़ियों में से रहे।

संन्यास के बाद सामने आया बयान
रामदीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर लिखा, ''मैं बहुत खुशी के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर रहा हूं। पिछले 14 साल मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा रहा है। मैंने त्रिनिदाद और टोबैगो और वेस्टइंडीज के लिए क्रिकेट खेलकर अपने बचपन के सपनों को पूरा किया।''
उन्होंने आगे कहा, ''मेरे करियर ने मुझे दुनिया को देखने, विभिन्न संस्कृतियों से दोस्त बनाने और अभी भी सराहना करने में सक्षम होने का मौका दिया कि मैं कहां से आया हूं।" रिपोर्ट्स के मुताबिक रामदीन अब सिर्फ टी20 लीग में खेलेंगे।
View this post on Instagram

2005 में खेला था पहला इंटरनेशनल मैच
37 वर्षीय दिनेश रामदीन ने अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज साल 2005 से किया था। उन्होंने अपना पहला टेस्ट श्रीलंका का खिलाफ खेला था। वेस्टइंडीज के लिए दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 74 टेस्ट मैचों में लगभग 26 की औसत से कुल 2898 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 15 अर्धशतक देखने को मिले।
विंडीज की ओर से उन्होंने 139 वनडे और 71 T20I मैच भी खेले। वनडे क्रिकेट में दिनेश ने 25 की औसत से कुल 2200 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके बल्ले से दो शतक और 8 फिफ्टी देखने को मिली। वहीं, 71 T20I में उन्होंने 115.43 के स्ट्राइक रेट से कुल 636 रन बनाए। T20I में रामदीन ने केवल एक अर्धशतक जड़ा।

वेस्टइंडीज के लिए जीते 2 वर्ल्ड कप
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम दुनिया की एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने एक नहीं बल्कि दो बार टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया है। 2012 में टीम ने मेजबान श्रीलंका को फाइनल में धूल चटाई थी, जबकि 2016 में कोलकाता के ईडन गार्ड्न्स पर टूर्नामेंट के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। दिनेश रामदीन दोनों बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे।
इसके अलावा उन्होंने विंडीज के लिए 2007 और 2015 के वनडे वर्ल्ड कप भी खेले। रामदीन ने वेस्टइंडीज के लिए आखिरी टेस्ट और वनडे मैच साल 2016 में खेला था।

कप्तान भी रहे दिनेश रामदीन
वेस्टइंडीज के लिए रामदीन ने 13 टेस्ट मैचों में कप्तानी करते हुए 4 मैच जीते और 7 में हार का सामना करना पड़ा। दो मुकाबले ड्रॉ रहे। वहीं, वनडे में उनको केवल 1 मैच में कप्तानी करने का मौका मिला और उसमें जीत दर्ज की। वहीं, 3 T20I मुकाबलों में बतौर कप्तान उन्होंने 1 मैच जीता और 2 में हार का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications