IPL से पहले Delhi Capitals के नए 'धुरंधर' का धमाका, आकिब नबी ने 9वें नंबर पर आकर जड़ा शतक, टीम को दिलाई जीत
Vijay Hazare Trophy, Delhi Capitals: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के अंतिम ग्रुप मैच में क्रिकेट फैंस को एक रोमांचक मैच देखने को मिला। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने हैदराबाद के जबड़े से जीत छीन ली। इस ऐतिहासिक जीत के महानायक रहे आकिब नबी, जिन्हें हाल ही में आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।
हार हुई बाजी जीत गई टीम (Vijay Hazare Trophy, Delhi Capitals)
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 268 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत किसी दुःस्वप्न जैसी रही। हैदराबाद के कप्तान सी.वी. मिलिंद और स्टार गेंदबाज मोहम्मद सिराज की आग उगलती गेंदों के सामने जेके का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। एक समय टीम का स्कोर 90 रन पर 7 विकेट था और ऐसा लग रहा था कि मैच अगले कुछ ही मिनटों में खत्म हो जाएगा।

9वें नंबर पर आकर जड़ा शतक
जब हार निश्चित लग रही थी, तब नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए आकिब नबी ने मैदान पर कदम रखा। उन्होंने न सिर्फ पारी को संभाला, बल्कि हैदराबाद के गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोल दिया। आकिब ने अपने लिस्ट-ए करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने महज 82 गेंदों में नाबाद 114 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। आकिब ने अपना शतक केवल 65 गेंदों में पूरा किया।
आकिब का साथ दिया वंशज शर्मा (नाबाद 69 रन) ने। इन दोनों के बीच 8वें विकेट के लिए 182 रनों की अटूट साझेदारी हुई, जो विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास की सबसे बड़ी 8वें विकेट की पार्टनरशिप है। इस करिश्माई बल्लेबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने 13 गेंद शेष रहते ही 3 विकेट से मुकाबला जीत लिया। हैदराबाद की टीम एक मजबूत स्थिति में होने के बावजूद दबाव नहीं झेल पाई।
मोहम्मद सिराज और मिलिंद ने शुरुआती झटके तो दिए, लेकिन बाद में टीम ने फील्डिंग में बेहद खराब प्रदर्शन किया। आकिब और वंशज के तीन आसान कैच छोड़े गए, जिसका खामियाजा हैदराबाद को हार के साथ भुगतना पड़ा।आकिब नबी के इस प्रदर्शन ने आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में खुशी की लहर दौड़ दी होगी।












Click it and Unblock the Notifications