लुंगी एनगिडी के सिर में लगी गंभीर चोट, स्ट्रेचर पर तड़पते दिखे खिलाड़ी, एम्बुलेंस से ले जाया गया अस्पताल
DC vs PBKS Lungi Ngidi News: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को मैच के दौरान सन्नाटा पसर गया। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। पंजाब किंग्स के खिलाफ 265 रनों के विशाल लक्ष्य का बचाव करने उतरी दिल्ली के लिए दूसरी पारी का तीसरा ओवर किसी बुरे सपने जैसा रहा।
लुंगी एनगिडी चोटिल होकर पहुंचे अस्पताल (DC vs PBKS Lungi Ngidi News)
बाउंड्री पर कैच लेने की कोशिश में एनगिडी सिर के बल जमीन पर जा गिरे, जिसके बाद खेल को रोकना पड़ा और एम्बुलेंस को मैदान के अंदर बुलाना पड़ा। हादसा पंजाब की पारी के तीसरे ओवर में हुआ। एक ऊंचे शॉट को बाउंड्री पर लपकने के प्रयास में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज लुंगी एनगिडी का संतुलन बिगड़ गया। वे जमीन पर गिरे और उनका सिर तेजी से मैदान की सख्त सतह से टकराया। एनगिडी को गिरते देख फिजियो तुरंत मैदान पर दौड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंपायरों ने तुरंत एम्बुलेंस को बाउंड्री के अंदर बुलाने का इशारा किया।

जमीन पर गिर पड़े एनगिडी
एनगिडी को जमीन पर बिना किसी हरकत के पड़ा देख दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं। एनगिडी के हमवतन और दक्षिण अफ्रीकी साथी डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स इस मंजर को देख गहरे सदमे में नजर आए। पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग भी स्थिति का जायजा लेने के लिए डगआउट से मैदान के बीच तक पहुंच गए।
दिल्ली को लगा बड़ा झटका
डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर एनगिडी की गर्दन में 'नेक ब्रेस' लगाया और उन्हें स्ट्रेचर के जरिए एम्बुलेंस में शिफ्ट कर सीधे अस्पताल भेजा गया। एनगिडी के अस्पताल जाने के बाद श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट (सिर की चोट के बदले खिलाड़ी) के तौर पर मैदान पर उतारा गया। एनगिडी इस सीजन में दिल्ली के लिए शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने अब तक 7 मैचों में 7 विकेट झटके थे। 265 जैसे बड़े स्कोर का बचाव करते समय उनके जैसे मुख्य गेंदबाज का बाहर होना दिल्ली की गेंदबाजी रणनीति के लिए बहुत बड़ा झटका है।












Click it and Unblock the Notifications