Dattajirao Gaekwad: भारत के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर का निधन, पूर्व कप्तान ने 95 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
Dattajirao Gaekwad Passed Away: भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर और पूर्व कप्तान दत्ताजीराव गायकवाड़ ने 95 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कर दिया है। गायकवाड़ का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण मंगलवार को निधन हो गया। बीसीसीआई (BCCI) ने गायकवाड़ को श्रद्धांजलि दी है।
परिवार के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पिछले 12 दिनों से बड़ौदा अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

बीसीसीआई ने एक्स पर दी श्रद्धांजलि
बीसीसीआई ने एक्स पर श्रद्धांजलि में लिखा कि, 'बीसीसीआई भारत के पूर्व कप्तान और भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर दत्ताजीराव गायकवाड़ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता है। उन्होंने 11 टेस्ट खेले और 1959 में भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान टीम का नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में, बड़ौदा ने 1957-58 सीज़न में फाइनल में सर्विसेज को हराकर रणजी ट्रॉफी भी जीती। बोर्ड गायकवाड़ के परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।'
भारत के लिए 11 टेस्ट मैच खेल चुके हैं दत्ताजीराव गायकवाड़
उन्होंने 1952 और 1961 के बीच भारत के लिए 11 टेस्ट खेले, 1959 में इंग्लैंड दौरे पर राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की।दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 1952 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया और उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच 1961 में चेन्नई में पाकिस्तान के खिलाफ था।
रणजी ट्रॉफी में गायकवाड़ ने 1947 से 1961 तक बड़ौदा का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 47.56 की औसत से 3139 रन बनाए, जिसमें 14 शतक शामिल थे। उनका सर्वोच्च स्कोर 1959-60 सीज़न में महाराष्ट्र के खिलाफ नाबाद 249 रन था। 2016 में अहमदाबाद में 87 वर्ष की आयु में पूर्व बल्लेबाज दीपक शोधन की मृत्यु के बाद वह भारत के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर बन गए थे।












Click it and Unblock the Notifications