पूर्व पाक स्पिनर ने केएल राहुल को एशिया कप में दी ऐसी जगह, ना खेल सकते, ना बाहर रह सकते
नई दिल्ली, 6 अगस्त: भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी-20 श्रृंखला के बाद एशिया कप में खेलेगी जहां पर वह T20 वर्ल्ड कप के लिए एक परफेक्ट टीम चुनने की कोशिश करेंगे। एशिया कप भी एक बड़ा टूर्नामेंट है और इसको लेकर भी राहुल द्रविड़ के दिमाग में काफी चीजें चल रही होंगी। दीपक हुड्डा ने सीमित मौकों में खुद को साबित किया है लेकिन केएल राहुल और विराट कोहली के आने के बाद टॉप 3 का कंपटीशन और भी बढ़ जाएगा।

राहुल से पूरी फिटनेस प्राप्त करने की दरकार
इस दौरान हुड्डा और श्रेयस अय्यर की परफॉर्मेंस पर करीबी निगाह रखी जाएंगी। विराट कोहली के बल्ले से रन बनाने की अपेक्षा होगी तो वही केएल राहुल से भी पूरी फिटनेस प्राप्त करने की दरकार होगी।
हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण जिम्बाब्वे वनडे के लिए राहुल को भारत की टीम से बाहर कर दिया गया था। पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया को लगता है कि 27 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए राहुल को स्टैंडबाय विकल्प के रूप में रखा जाना चाहिए।

मैंने केएल राहुल को स्टैंड-बाय पर रखा है
उन्होंने कहा, "केएल राहुल एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी नंबर पर खेल सकते हैं। वह शानदार फील्डर हैं जो विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। हालांकि, चोटिल होने के बाद से उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।"
मैंने केएल राहुल को स्टैंड-बाय पर रखा है क्योंकि वह चोट के बाद नहीं खेले हैं। आप लंबे ब्रेक के बाद इतने बड़े टूर्नामेंट में उनके साथ शुरुआत नहीं कर सकते। इसलिए उन्हें टी20 विश्व कप तक कुछ समय दें।"

राहुल ने दी थी हेल्थ अपडेट
इससे पहले, राहुल ने ट्विटर पर अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के बारे में कुछ बातें स्पष्ट की थी।
उन्होंने कहा था, "जून में मेरी सर्जरी सफल रही, और मैंने टीम के वेस्टइंडीज दौरे के लिए प्रशिक्षण शुरू किया था। दुर्भाग्य से, जब मैं पूरी तरह से फिट होने के करीब था, तब कोविड हो गया। इसने स्वाभाविक रूप से चीजों को कुछ हफ्ते पीछे धकेल दिया, लेकिन मेरा लक्ष्य जल्द से जल्द ठीक होना और चयन के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध होना है।"

टीम इंडिया में वापसी के लिए बेसब्री से इंतजार
कर्नाटक का बल्लेबाज चोट के इलाज के लिए लिए जर्मनी गया था। चोट ने उन्हें घर पर दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला से बाहर कर दिया था। रिहैबिलिटेशन के बाद राहुल वापस एनसीए में ट्रेनिंग कर रहे थे।
राहुल ने कहा कि वह टीम में वापसी और भारत की सफलता में योगदान देने के लिए इंतजार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करना सर्वोच्च सम्मान है, और मैं नीले रंग में वापस आने का इंतजार नहीं कर सकता। जल्द ही मिलते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications