IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह की मुरीद हुईं इंग्लिश खिलाड़ी, सोशल मीडिया पर कही ये बात
ओवल में खेले गए पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हराकर सीरीज की शानदार शुरुआत की।
नई दिल्ली, 13 जुलाई: ओवल में खेले गए पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हराकर सीरीज की शानदार शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम 110 रन पर ढेर हो गई। मेजबान टीम के चार खिलाड़ी खाता तक नहीं खोल सके। इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर ने 32 गेंदों पर सर्वाधिक 30 रन की पारी खेली।

वहीं भारत के तेज गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह ने 19 रन देकर 6 विकेट तो मोहम्मद शमी ने 3 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट अपने नाम किया। वहीं शिखर धवन (31) और रोहित शर्मा (76) की सलामी जोड़ी ने 19वें ओवर में ही मैच जीत लिया।
बुमराह के प्रदर्शन की हो रही तारीफ
जसप्रीत बुमराह ने पहले वनडे में शानदार गेंदबाजी से कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। वह इंग्लैंड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए। इसके अलावा बुमराह भारत के लिए वनडे में शानदार गेंदबाजी करने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लिश सरजमीं पर किसी मैच में सबसे अच्छी गेंदबाजी करने के मामले में जसप्रीत बुमराह चौथे नंबर पर हैं। बुमराह के इस प्रदर्शन की सभी लोग तारीफ कर रहे हैं। इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डैनिएल वैट भी बुमराह के प्रदर्शन की मुरीद हो गई हैं। उन्होंने ट्विटर पर जसप्रीत को टैग करते हुए लिखा- अनप्लेबल।
Unplayable @Jaspritbumrah93 🫣
— Danielle Wyatt (@Danni_Wyatt) July 12, 2022
कोहली को किया था प्रपोज
कुछ दिनों पहले ही इंग्लिश टीम की महिला क्रिकेटर डैनिएल वैट ने अपने इंस्टाग्राम से अर्जुन तेंदुलकर की एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर में वह लंच करते नजर आ रहे थे। अर्जुन और डैनियल ने लंदन स्थित सोहो रेस्तरां में लंच किया था। बता दें कि अर्जुन और डैनिएल वैट अच्छे दोस्त हैं।
डैनियल वैट ने एक बार विराट कोहली को शादी के लिए प्रपोज भी था, तभी वह पहली बार लाइमलाइट में आई थीं। वैट ने इंग्लैंड के लिए 93 वनडे मैचों में 84.12 के स्ट्राइक रेट से 1489 रन बनाए हैं। वहीं उन्होंने 124 टी20 में 124.19 के स्ट्राइक रेट से 1966 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications