CWG 2022: फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम, सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़; फैंस बोले फ्लॉवर समझे क्या
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 4 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 4 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ ही भारतीय महिलाओं ने कम से कम सिल्वर मेडल तो पक्का कर लिया है। फाइनल और कांस्य पदक के लिए रविवार को मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल में भारतीय महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मैच के आखिरी ओवर में इंग्लिश टीम को जीतने के लिए 14 रनों की दरकार थी, लेकिन स्नेहा राणा ने 9 रन देकर जीत भारत की झोली में डाल दी।

सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
इस जीत के साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। भारत की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। फैंस भारतीय महिलाओं से गोल्ड लाने के मांग कर रहे हैं। वहीं एक फैन ने कहा, इंडिया सुनकर फ्लॉवर समझे क्या। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। स्मृति मंधाना की शानदार पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लिश टीम 6 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी।
भारत ने बनाए 164 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए मंधाना और शेफाली के बीच 76 रनों की साझेदारी हुई। मंधाना ने 32 गेंदों पर 61 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के जड़े। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 15, हरमनप्रीत कौर ने 20, पूजा वस्त्राकर ने 0 और दीप्ति शर्मा ने 22 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। इंग्लैंड की ओर से कैथरीन ब्रंट, नताली साइवर ने 1-1 जबकि फ्रेया केम्प ने 2 विकेट अपने नाम किए।
स्नेह राणा ने चटकाए 2 विकेट
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर सोफिया डंकले 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद डेनिएल व्याट ने 27 गेंदों पर 35, एलिस कैप्सी ने 8 गेंदों पर 13, नताली साइवर ने 43 गेंदों पर 41, एमी जोन्स ने 24 गेंदों पर 31 रन बनाए। माया बाउचियर 4 और सोफी एक्लेस्टोन 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की ओर से स्नेह राणा ने 2 और दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications