IPL 2023 से बाहर हो सकते हैं CSK के मुकेश चौधरी, पिछले सीजन में लिए थे सबसे ज्यादा विकेट
मुकेश चौधरी के खेलने पर चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने बताया है कि मुकेश चौधरी का खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि हम उनका इंतजार कर रहे हैं।

आईपीएल 2022 में अपनी गेंदबाजी से कहर ढहाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के गेंदबाज मुकेश चौधरी के आगामी सीजन में खेलने पर सस्पेंस खड़ा हो गया है। दरअसल, सीएसके के लिए पिछले साल अपना आईपीएल डेब्यू करने वाले मुकेश चौधरी इन दिनों पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं और उनका इस टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। मुकेश चौधरी अभी एनसीए में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। मुकेश चौधरी के खेलने पर फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने क्रिकबज को बताया है कि उनके खेलने की उम्मीदें ज्यादा नहीं हैं, हालांकि हमें उनकी वापसी का इंतजार है, वो पिछले साल हमारे सबसे सफल गेंदबाज थे, अगर वो टूर्नामेंट से बाहर हुए तो यह हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा।
पिछले सीजन में मुकेश ने लिए थे सबसे ज्यादा विकेट
आपको बता दें कि मुकेश चौधरी ने पिछले आईपीएल में ही अपना डेब्यू मैच खेला था और वो उस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज थे। मुकेश चौधरी ने 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे। मुकेश चौधरी अपनी घातक गेंदबाजी से सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भी भरोसेमंद गेंदबाज बन गए थे। मुकेश चौधरी ने अपनी चोट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, "मैं अभी ठीक हूं और पूरी तरह से अपनी ठीक होने का इंतजार कर रहा हूं, मुझे उम्मीद है कि मैं जल्द वापसी करूंगा और मेरे लिए यह सीजन प्रभावशाली रहेगा।" मुकेश चौधरी ने अपने होम टाउन महाराष्ट्र में कुछ लिस्ट ए के मैच खेले हैं, लेकिन दिसंबर से वो क्रिकेट से दूर हैं।
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2023 का पहला ही मैच खेलना है। 31 मार्च को सीएसके का मुकाबला गुजरात टाइटंस के साथ है। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स चार की चैंपियन है तो वहीं गुजरात टाइटंस ने पिछले साल चैंपियन का खिताब जीता था।












Click it and Unblock the Notifications