IPL 2023: रविंद्र जडेजा ने MS धोनी और पत्नी रिवाबा के साथ शेयर की तस्वीरें, कैप्शन से जीत लिया फैंस का दिल
IPL 2023 Final: रविंद्र जडेजा ने उस पल की भी तस्वीर शेयर की है, जब एमएस धोनी ने मैच खत्म होने के बाद उन्हें ऊपर उठा लिया था। इसके अलावा उन्होंने दो और खूबसूरत तस्वीरें शेयर की है।

IPL 2023 Final: रवींद्र जडेजा ने अंतिम दो गेंद में जो किया वो अब आईपीएल इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जा चुका है। एमएस धोनी के धुरंधर ने पांचवीं गेंद पर छक्का और छठी गेंद पर चौका लगाकर चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार आईपीएल का चैंपियन बना दिया। इस हाइ-वोल्टेज मुकाबले में चेन्नई ने मुंबई के सर्वाधिक पांच खिताब जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। इस बीच ऑलराउंडर जडेजा ने कैप्टन कूल के साथ की कुछ प्यारी तस्वीरें शेयर की हैं।
दरअसल, रवींद्र जडेजा को यकीन नहीं था कि वह आईपीएल 2023 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम का हिस्सा बनने जा रहे हैं। लेकिन वह हिस्सा भी बने और अपनी टीम को खिताब जिताने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई। टीम को पांचवीं बार चैंपियन बनाने के बाद जडेजा ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट से तीन अलग-अलग तस्वीरें शेयर की हैं।
रविंद्र जडेजा के एक अकाउंट से शेयर की गई पहली तस्वीर में जडेजा धोनी के साथ ट्रॉफी हाथ में लिए नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों के चेहरे की खुशी देखते ही बनती है, जबकि दूसरी तस्वीर में जडेजा आईपीएल ट्रॉफी के साथ हैं, लेकिन यहां उनके साथ पत्नी रिवाबा और धोनी भी मौजूद हैं। रिवाबा ट्रॉफी लिए बैठी हैं, और उनके बगल में धोनी और जडेजा बैठे हैं।
जडेजा के द्वारा शेयर की गई तीसरी तस्वीर उस पल की है, जब सीसके ने पांचवी बार ट्रीफी जीती। मैच खत्म होने के बाद धोनी ने उन्हें उठा लिया था। तस्वीर में जडेजा को हाथ में बल्ला लिए देखा जा सकता है। इन तीनों तस्वीरों के साथ उन्होंने एक प्यारा सा कैप्शन भी दिया है, जिसमें लिखा है, 'हमने इसे सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के लिए किया। माही भाई आपके लिए तो कुछ भी...।' इसके बाद दो हार्ट इमोजी भी शेयर किए।
दरअसल, इस सीजन ऑलराउंडर ने बल्ले और गेंद दोनों से ही टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 16 मैचों 190 रन बनाए हैं, जबकि 20 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा मुंबई के खिलाफ आईपीएल 2023 के 12वें मुकाबले में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications