ओलंपिक में क्रिकेट हुआ शामिल, कई देशों को नहीं मिलेगी एंट्री, कितनी टीमों को मिली खेलने की अनुमति
Cricket in Olympics: ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल करने को लेकर लम्बे समय से बातचीत और प्रोसेस चल रहा था और अब इसे लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। आईसीसी की मेहनत रंग लाई है और क्रिकेट को भी ओलंपिक खेलों में शामिल कर लिया गया है।
अगले ओलंपिक में क्रिकेट को भी ओलंपिक में बतौर इवेंट देखा जा सकेगा। साल 2028 ले लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल कर लिया गया है। खास बात तो यह है कि पुरुष और महिला दोनों कैटेगरी में मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट के आने से एक और गोल्ड मेडल इवेंट जुड़ गया है।

इंटरनेशनल ओलंपिक समिति ने 9 अप्रैल को इवेंट के लिए 90 एथलीटों का कोटा आवंटित किया और हर टीम में 15 प्लेयर्स हो सकते हैं। इस हिसाब से 6 टीमों को खेलने की अनुमति रहेगी। पुरुष और महिला दोनों कैटेगरी में 90-90 प्लेयर्स रहेंगे, इसका मतलब 6-6 टीमें दोनों वर्गों में रहेंगी।
इवेंट के मुकाबले कहाँ होंगे, इसकी पुष्टि फ़िलहाल नहीं हो पाई है। न्यूयॉर्क मेजबानी के लिए तैयार है। वहां पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप भी खेला गया था। यह भी सामने नहीं आया है कि छह टीमों का निर्धारण कैसे किया जाएगा। ग्रेट ब्रिटेन और वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व कैसे निर्धारित होगा, इसके बारे में भी सोचना होगा। ग्रेट ब्रिटेन में कुछ देश आते हैं, जबकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम तो अलग है। इसके अलावा वेस्टइंडीज में भी अलग-अलग द्वीपों से एथलीट जाते हैं।
साल 1900 में हुए ओलंपिक गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया था। ग्रेट ब्रिटेन और फ़्रांस इसमें हिस्सा लेने वाली दो टीमें थीं। ग्रेट ब्रिटेन ने ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। यह दो दिनों का मुकाबला था। अब ग्रेट ब्रिटेन में अलग-अलग देशों की क्रिकेट टीमें हैं। इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, नॉर्दन आयरलैंड और वेल्स इसमें शामिल है। हाल ही में एशियाई खेलों में क्रिकेट शामिल हुआ था, इसके अलावा बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट इवेंट था।












Click it and Unblock the Notifications