पुजारा ने काउंटी चैम्पियनशिप में दोहराया 28 साल पुराना कारनामा, अजहरुद्दीन के रिकॉर्ड की बराबरी की
नई दिल्ली। इंग्लैंड में खेली जा रही काउंटी चैम्पियनशिप 2022 में हिस्सा लेने पहुंचे भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का रनों का अंबार लगाने का कारनामा लगतार जारी है। चेतेश्वर पुजारा ने ससेक्स की टीम की ओर से खेलते हुए डरहम के खिलाफ खेले जा रहे मैच में टूर्नामेंट का अपना दूसरा दोहरा शतक लगाया है, जिसके चलते उनकी टीम मैच में काफी आगे पहुंच गई है। इतना ही नहीं पुजारा की इस दमदार पारी के चलते इस भारतीय बल्लेबाज ने पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के 28 साल पुराने काउंटी क्रिकेट के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।

डरहम के खिलाफ खेले गये इस मैच में पुजारा ने 203 रनों की पारी खेली और टूर्नामेंट का दूसरा दोहरा शतक पूरा किया। पुजारा ने इससे पहले डर्बीशायर के खिलाफ पिछले हफ्ते खेले गये अपने पहले मैच में नाबाद 201 रनों की पारी भी खेली थी। पुजारा के इस सीजन खेली गई पारियों की बात करें तो पिछली 5 पारियों में उनके बल्ले से निकला यह दूसरा दोहरा शतक जबकि 100 से ज्यादा रनों की तीसरी पारी है। पुजारा ने इस सीजन खेली गई 5 पारियों में 6 (15), 201* (387), 109 (206), 12 (22), 203 (334) कुछ इस तरह से रनों की बारिश की है।
और पढ़ें: 'लगातार 8 हार से रोहित टूट चुका है', मुंबई की शर्मनाक स्ट्रीक पर इयान बिशप का बड़ा खुलासा
शनिवार को खेली गई अपनी इस पारी के साथ ही पुजारा काउंटी चैम्पियनशिप में दो दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गये है। पुजारा से पहले यह कारनामा मोहम्मद अजहरुद्दीन ने किया था जिन्होंने 1991 में लिएस्टरशयर के खिलाफ 212 रनों की पारी खेली थी जबकि 1994 में डरहम के खिलाफ 205 रनों की पारी खेली थी। खास बात यह थी कि अजहरुद्दीन ने दोनों दोहरे शतक डर्बीशायर के लिये लगाये थे।
उल्लेखनीय है कि यह पुजारा के बल्ले से निकला 15वां दोहरा शतक है, जिसके चलते वो एशियाई खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो गये हैं। श्रीलंका के कुमार संगाकारा 13 दोहरे शतक के साथ इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हैं, जबकि 8 ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस भारतीय बैटर से ज्यादा फर्स्ट क्लास दोहरे शतक लगाये हैं, लेकिन इनमें से कोई भी फिलहाल सक्रिय नहीं है।
और पढ़ें: 'मुझे बिल्कुल समझ नहीं आती थी मुरलीधरन की गेंद', युवराज ने बताई सचिन तेंदुलकर से मिली अहम सलाह
गौरतलब है कि अपनी इस पारी के दौरान चेतेश्वर पुजारा ने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के साथ 154 रनों की अहम साझेदारी भी की जिसमें रिजवान ने 79 रनों का योगदान दिया था। इस साझेदारी की बदौलत ससेक्स की टीम ने 538 रनों का स्कोर खड़ा किया। आपको बता दें कि पुजारा की इस पारी के चलते उनकी टेस्ट टीम में वापसी की दावेदारी और मजबूत हो गई है, जिसके तहत भारत को इंग्लैंड का दौरा करना है।












Click it and Unblock the Notifications