चेतन शर्मा ने कहा- इन 4 सीनियरों को बता दिया था उनको नहीं चुनेंगे, पर दरवाजे अभी बंद नहीं हुए
नई दिल्ली, 19 फरवरी: बीसीसीआई के चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी कि उन्होंने सीनियर खिलाड़ियों अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, रिद्धिमान साहा और इशांत शर्मा को पहले ही बता दिया था कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनको नहीं चुना जाएगा। हालांकि शर्मा ने यहां पर कहा कि इन खिलाड़ियों के लिए दरवाजे अभी भी खुले हुए हैं और यह नहीं माना जाना चाहिए कि इनमें से किसी का भी करियर समाप्त हो गया है।

दरवाजे अभी भी खुले हुए हैं
मीडिया से बात करते हुए चेतन शर्मा ने कहा- काफी विचार-विमर्श के बाद चयनकर्ताओं ने फैसला लिया है। दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाद हमने खिलाड़ियों से बात की थी और बताया था कि श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा लेकिन उनके लिए दरवाजे अभी भी खुले हुए हैं। किसी तरह की और कोई समस्या नहीं है। हमने उनको कहा कि आप जाइए और रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खेलें।

रहाणे और पुजारा पर तो यह गाज गिरनी ही थी
अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा पर तो यह गाज गिरनी ही थी क्योंकि वे दोनों लंबे समय से क्रिकेट के सबसे कठिन फॉर्मेट में रन नहीं बना पा रहे थे। रहाणे की आखिरी सेंचुरी 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में आई थी जब उन्होंने 112 रन बनाए थे। 2021 में खेले गए टेस्ट मैच में उनका औसत 21 से भी कम है जबकि दक्षिण अफ्रीका टूर पर दो टेस्ट मैचों में उनका औसत केवल 17 है। चेतेश्वर पुजारा के आंकड़े थोड़ी बेहतर हैं क्योंकि उन्होंने 2021 में 28 के करीब औसत से रन बनाए लेकिन वह भी कोई आश्वस्त नहीं लगे। पुजारा ने जनवरी 2019 में सिडनी में आखिरी शतक ठोका था।

जाइए, रणजी ट्रॉफी खेलकर फॉर्म हासिल कीजिए-
चेतन शर्मा इस बारे में बात करते हुए आगे कहते हैं हम किसी के लिए दरवाजे बंद करने वाले कोई नहीं होते। यह एक क्रिकेट का खेल है जहां आपको रन बनाने हैं विकेट लेने हैं और तब आप अपने देश के लिए खेल सकते हो। यही सबसे जरूरी चीज है। मैंने उन सभी चारों खिलाड़ियों से अनुरोध किया है कि वे रणजी ट्रॉफी खेलें। चयनकर्ताओं को घरेलू क्रिकेट में काफी ध्यान देना पड़ता है और रणजी ट्रॉफी उसमें से एक है। यह प्रतियोगिता काफी लंबे समय बात हो रही है तो अच्छा है कि आप उसमें जाइए और परफॉर्म कीजिए।

रोहित देश के नंबर 1 क्रिकेटर- चेतन शर्मा
वैसे रहाणे ने रणजी ट्रॉफी में परफॉर्म करके दिखाया है क्योंकि उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ सेंचुरी लगाई है जबकि चेतेश्वर पुजारा 4 बॉल खेल कर जीरो पर आउट हो गए तो वही रिद्धिमान साहा व्यक्तिगत कारणों के चलते अभी तक इस प्रतियोगिता में खेले ही नहीं है।
इसके अलावा चेतन शर्मा ने रोहित को भारत का नंबर 1 क्रिकेटर बताया है। रोहित शर्मा को अब टेस्ट कप्तान भी बना दिया गया है। चेतन शर्मा का मानना है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और ऋषभ पंत और ज्यादा निखार कर सकते हैं। उन्होंने कहा रोहित हमारे देश के नंबर एक क्रिकेटर है। वह पूरी तरह से फिट और फाइन है। जब इस तरह का बड़ा खिलाड़ी कप्तान बनता है तो बाकी खिलाड़ियों को तराशना आसान हो जाता है। बुमराह, के एल राहुल, पंत को रोहित के अंडर में भविष्य के कप्तान बनने की ओर निखरेंगे।












Click it and Unblock the Notifications