रोहित और द्रविड़ अब चेतन शर्मा पर नहीं करते भरोसा, कर्मों का फल मिल गया, BCCI का बड़ा बयान
चेतन शर्मा ने बीसीसीआई के अंदर की कई बातों का जिक्र एक स्टिंग ऑपरेशन में किया था, इसके बाद उन्होंने अब अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है।

Chetan Sharma: बीसीसीआई के पूर्व चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा का स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद यह तय माना जा रहा था कि उनको पद से हटाया जाएगा। खबरें आई थी कि चेतन शर्मा से सवाल किया जाएगा लेकिन इससे पहले ही उन्होंने अपना इस्तीफा बोर्ड के सेक्रेटरी जय शाह को सौंप दिया। उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। नई खबर के अनुसार यह चीज सामने आई है कि चेतन शर्मा अब कप्तान और कोच का भरोसा खो चुके हैं। ऐसे में उनको पद पर नहीं रखा जाता।

कप्तान और कोच को भरोसा नहीं रहा
पीटीआई के अनुसार जी मीडिया का स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़, कप्तान रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या आदि को चेतन शर्मा पर भरोसा नहीं रहा। वह इन सबके सामने सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में एक टेबल पर भी नहीं बैठ पाते। चेतन शर्मा पूरा सम्मान खो बैठे थे और उनके मुंह से निकली गई बातों की सजा भी उनको मिल गई।

विराट-रोहित के सम्बन्धों पर की थी बात
उल्लेखनीय है की स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने बीसीसीआई के अंदर की कई बातों का जिक्र किया। इसमें विराट कोहली और सौरव गांगुली के बीच रिश्ते की बात भी कही गई। कोहली और रोहित के बीच संबंधों को लेकर भी उन्होंने कुछ बातों का जिक्र किया। इसके अलावा यह भी कहा की फिटनेस हासिल करने के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ी इंजेक्शन लेते हैं।

रणजी फाइनल से पहले दिया इस्तीफ़ा
कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में बंगाल और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबले के लिए चेतन शर्मा को वहां जाना था। इससे पहले ही उन्होंने शुक्रवार को अपना इस्तीफा बीसीसीआई सेक्रेट्री जय शाह को भेज दिया। बोर्ड के साथ किसी भी तरह का सवाल जवाब किए बिना चेतन शर्मा ने अपनी गलती को देखते हुए पद छोड़ दिया। इससे पहले उनका प्लान फाइनल मुकाबला देखने का था लेकिन स्टिंग के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications