'Breast को संतरा कहने वाला एड वापस', बुरे फंसे युवराज सिंह, जानिए क्या है मामला?
People angry on Yuvraj Singh : 'सिक्सर किंग' के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह इस वक्त लोगों के निशाने पर हैं, लोग सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आलोचना कर रहे हैं, जिसकी वजह से वो ट्रोल भी हो रहे हैं।
दरअसल स्तन कैंसर (Breast Cancer) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए युवराज सिंह एक कैंपेन से जुड़े हैं।जिसके लिए यूवीकैन फाउंडेशन ने पोस्टर तैयार किया है, जिसमें संतरे को ब्रेस्ट के तौर पर इंगित किया गया है, जिसकी वजह से यूजर्स भड़क गए।

उस पोस्टर में एक महिला के हाथ में संतरा दिखाया गया है. जो कि बस में खड़ी है और उसकी ओर बहुत सारी महिलाएं देख रही हैं, जिनमें से काफी बुजुर्ग हैं। क्रिएटिव पोस्टर में लिखा गया है कि 'हर महीने एक बार अपने संतरे को चेक करें।'
इस पोस्टर का अर्थ ये है कि हर महिला को एक महीने में अपने ब्रेस्ट की जांच जरूर करनी चाहिए लेकिन सोशल मीडिया पर ये युवराज सिंह को उल्टा पड़ गया और ब्रेस्ट को 'संतरे' के रूप में परिभाषित किए जाने पर लोग उन पर बुरी तरह से भड़क गए और उनकी आलोचना करने लगे।
दिल्ली मेट्रो भी लोगों के निशाने पर है
इस बात के लिए केवल युवराज सिंह की आलोचना नहीं हो रही बल्कि दिल्ली मेट्रो भी लोगों के निशाने पर आ गई क्योंकि ये पोस्टर उसकी ओर से चिपकाया गया था। लोगों ने उससे इसे तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की।
'हम स्तनों को वह नाम भी नहीं दे सकते जो वे हैं'
सोशल मीडिया के एक यूजर ने लिखा- 'एक देश स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता कैसे बढ़ाएगा, जब हम स्तनों को वह नाम भी नहीं दे सकते जो वे हैं। दिल्ली मेट्रो में यह देखा और सोचा कि क्या बकवास है? अपने संतरे की जांच करें? ये अभियान कौन बनाता है, कौन उन्हें मंजूरी देता है? शर्मनाक और शर्मनाक।'
तो वहीं एक यूजर ने लिखा- @YUVSTRONG12 मुझे अभी पता चला कि यह आपके फाउंडेशन का अभियान है। और जबकि आपका इरादा सही हो सकता है, मैं आपको सुझाव दूंगा कि आप इस अभियान को बंद कर दें। यह वाकई बहुत अपमानजनक है।'
अगर कोई आपको पैसे दे तो क्या आप कोई विज्ञापन लगाएंगे?
एक यूजर ने लिखा कि- @OfficialDMRC यह विज्ञापन मेरे द्वारा अब तक देखे गए सबसे अधिक बेसिर पैर के विज्ञापनों में से एक है। अगर कोई आपको पैसे दे तो क्या आप कोई विज्ञापन लगाएंगे? कृपया इसे हटा दें।@YOUWECAN- इसे मेट्रो से हटा दें।
सोशल मीडिया पर लगातार इस पोस्टर और युवराज सिंह को लेकर बयानबाजी हो रही थी, फिलहाल इस सिलसिले में अभी तक युवी की ओर से तो कोई बयान नहीं आया लेकिन डीएमआरसी ने दिल्ली मेट्रो के स्तन कैंसर संबंधी विज्ञापन को वापस ले लिया है।
'स्तन कैंसर जागरूकता विज्ञापन हटा दिया है'
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने घोषणा की कि उसने मेट्रो ट्रेनों से स्तन कैंसर जागरूकता विज्ञापन हटा दिया है क्योंकि यह "good taste" में नहीं था।
'यह स्तन कैंसर जागरूकता पर एक विज्ञापन की तस्वीर के संदर्भ में था'
डीएमआरसी ने कहा, "यह स्तन कैंसर जागरूकता पर एक विज्ञापन की तस्वीर के संदर्भ में था, जिसे दिल्ली मेट्रो ट्रेन के अंदर लगाया गया था। डीएमआरसी अधिकारियों ने सामग्री को अनुचित पाया और तुरंत मामले का गंभीर संज्ञान लिया।"
युवराज सिंह ने खुद कैंसर से फाइट की है...
आपको बता दें कि साल 2011 के विश्वकपके 'मैन ऑफ द टूर्नामेंट' रहे युवराज सिंह ने खुद कैंसर से फाइट की है और वो उससे उबरने में कामयाब रहे हैं, वो लोगों को इस जानलेवा बीमारी के प्रति लगातार जागरूक करने का काम कर रहे हैं और इसीलिए उन्होंने यूवीकैन फाउंडेशन की स्थापना की है जो कि कैंसर अवेरनेस प्रोग्राम चलाती है, ये पहला मौका है कि वो किसी जागरुकता कार्यक्रम की वजह से आलोचना के केंद्र में आ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications