T20 World Cup: क्यों तोड़ा जा रहा भारत-पाकिस्तान मैच वाला स्टेडियम? 250 करोड़ रुपये में बना था
T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क का नसाऊ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम काफी चर्चित रहा है। यह अपनी ड्रॉप इन पिचों को लेकर सुर्ख़ियों में रहा है। इसके अलावा भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान इस स्टेडियम में सभी सीटें फुल थी। 34000 दर्शकों ने मुकाबला देखा था।
भारतीय टीम के तीन मैच इसी स्टेडियम में हुए थे। आयरलैंड, पाकिस्तान और यूएस के खिलाफ खेलते हुए टीम इंडिया ने जीत दर्ज कर ली और सुपर आठ चरण में अपना स्थान पक्का कर लिया। भारतीय टीम ने छह अंक लेकर अगले चरण के लिए प्रस्थान किया, हालांकि एक मैच और है लेकिन यह फ्लोरिडा में होगा।

अब नसाऊ काउंटी स्टेडियम को लेकर एक नई खबर सामने आई है। स्टेडियम को तोड़ने का काम शुरू हो रहा है। इसे फिर से उसी स्थिति में लाया जाएगा, जैसा पिछले साल था। स्टेडियम को तोड़ने के लिए कई बुलडोजर भी मंगवाए गए हैं। वहां अब कुछ नहीं बचेगा।
पिछले साल ही इस स्टेडियम में अस्थायी निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस वेन्यू को एक साल में तैयार कर दिया गया था। 34 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में सब चीजें अस्थायी थी। मैच दिन में हुए थे क्योंकि यहाँ लाईट नहीं थी। भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश जैसी टीमों के मैच भी यहाँ हुए थे।
दरअसल यह स्टेडियम क्रिकेट के लिए नहीं था। यह चारों तरफ से खुला हुआ था और लोग घूमने आया करते थे। इसके बाद इसे वर्ल्ड कप के लिए तैयार कर दिया गया। आठ मैच यहाँ समाप्त हो गए हैं। अब इसे फिर से तोड़ने के बाद उसी स्थिति में पहुंचा दिया जाएगा। इस स्टेडियम का निर्माण 250 करोड़ से भी ज्यादा रुपयों में हुआ था।
नसाऊ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में ड्रॉप इन पिचों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन पिचों को बाहर से लाकर मैदान पर लगाया गया था। आलोचना भी काफी देखने को मिली क्योंकि ये पिचें बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह साबित हुईं। गेंदबाजों ने यहाँ बल्लेबाजों को काफी ज्यादा परेशान किया।












Click it and Unblock the Notifications