Border Gavaskar Trophy शुरू होने से पहले ही भारत को बड़ा झटका, चोटिल होकर भारत लौटा दिग्गज खिलाड़ी
Border Gavaskar Trophy: भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट टीम में बतौर रिजर्व प्लेयर शामिल किया गया है। यश दयाल पहले दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टी-20 टीम का हिस्सा थे, लेकिन वहां एक भी मैच नहीं खेले। अब खलील अहमद के चोटिल होने के कारण उन्हें खलील की जगह रिजर्व तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
खलील अहमद हुए बाहर
खलील अहमद को नेट्स पर गेंदबाजी करने में कठिनाई हो रही थी, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी और वे भारत वापस लौट गए हैं। यश दयाल जोहानिसबर्ग से सीधे पर्थ पहुंचे हैं। BCCI के एक सूत्र ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम को एक ऐसे गेंदबाज की आवश्यकता है जो अभ्यास के लिए मिचेल स्टार्क जैसे तेज गेंदबाज का काम कर सके।

यश दयाल की हुई टीम में एंट्री
सूत्र ने यह भी बताया कि खलील अहमद को अगर गेंदबाजी में कोई परेशानी हो रही है तो उनके पास टीम में बने रहने का कोई खास कारण नहीं है, और इसलिए उन्हें बाहर किया गया। यही वजह है कि खलील अहमद की जगह यश दयाल को टीम में शामिल करने का फैसला लिया गया है। यश दयाल को आने वाले समय में टेस्ट टीम में अधिक मौके दिए जा सकते हैं।
यशस्वी जायसवाल को भी लगी थी चोट
आईपीएल में खलील अहमद दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे, जिन्हें रिलीज कर दिया गया है और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलेंगे या नहीं। दूसरी ओर यश दयाल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने बरकरार रखा है। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल को मंगलवार को बल्लेबाजी के दौरान कंधे में चोट लगी थी, लेकिन राहत की बात यह है कि वह बुधवार को वह दोबारा नेट्स पर अभ्यास करने लौटे जो उनकी चोट की गंभीरता को लेकर अच्छे संकेत हैं।












Click it and Unblock the Notifications