एशिया कप के प्रदर्शन पर पहली बार बोले भुवनेश्वर, कहा- मीडिया और कॉमेंटेटर बहुत बोलते हैं, लेकिन वो अतीत था
टी20 विश्व कप में भारतीय टीम इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रही है। टीम इंडिया अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीत चुकी है और इस वक्त ग्रुप बी से सेमीफाइनल में जाने की प्रबल दावेदार है। विश्व कप में भारत की गेंदबाजी जबरदस्त लय में है, खासकर एशिया कप जबरदस्त फ्लॉप रहे भुवनेश्वर कुमार एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। भले ही उन्हें अभी विकेट ज्यादा न मिले हों, लेकिन भुवी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भुवनेश्वर ने 3 ओवर की गेंदबाजी की थी, जिसमें उन्होंने सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।

मीडिया और कॉमेंटेटर बहुत बात करते हैं- भुवी
नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने इस प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर कुमार ने एशिया कप में अपनी परफॉर्मेंस को लेकर चुप्पी तोड़ी है। भुवी ने कहा है कि वो अतीत था, जो बीत गया है, उस बात को अब खत्म कर देना चाहिए। भुवी ने कहा कि इतने सालों में एक बार चीजें खराब हो गईं तो हो गईं, बात खत्म, मीडिया और कॉमेंटेटर बहुत कुछ बोलते हैं। भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि एक क्रिकेटर के लिए उतार-चढ़ाव खेल का हिस्सा होता है, अगर पिच मुश्किल होगी तो टी20 एक ऐसा फॉर्मेट है, जहां गेंदबाजों के लिए बहुत मुश्किलें होती हैं।
भुवी ने बुमराह की कमी पर क्या कहा?
भुवनेश्वर कुमार ने इस दौरान बुमराह की गैरमौजूदगी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बुमराह का इस टीम में नहीं होना निश्चित तौर पर हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमारा मौजूदा बॉलिंग अटैक उस कमी को पूरा नहीं कर सकता। भुवी ने कहा कि बुमराह के नहीं होने पर भी हम वहीं कर रहे हैं जो उनकी मौजूदगी में किया जा सकता था, हम ठीक उसी रास्ते पर जो हमारी ताकत है। आपको बता दें कि बुमराह पीठ की चोट के कारण मौजूदा टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह मोहम्मद शमी टीम का हिस्सा हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ इतनी स्विंग की उम्मीद नहीं थी
भुवनेश्वर ने इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में इस बात की उम्मीद नहीं थी कि गेंद इतना स्विंग होगी। आपको बता दें कि भुवनेश्वर ने पाकिस्तान के ओपनर बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बहुत परेशान किया था। हालांकि उनका विकेट अर्शदीप सिंह ने निकाला था।












Click it and Unblock the Notifications