जाते-जाते 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं Ben Stokes, आज खेलेंगे अपना आखिरी वनडे
इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वह आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मुकाबला खेलेंगे।
नई दिल्ली, 19 जुलाई: इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वह आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मुकाबला खेलेंगे। यह मुकाबला डरहम के चेस्टर ली स्ट्रीट के रीवर साइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। स्टोक्स ने सोशल मीडिया के जरिए एकदिवयीस क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। उनका रिटायरमेंट इंग्लैंड और वर्ल्ड क्रिकेट के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
ये भी पढ़ें: बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बहार, लोग विराट कोहली को क्यों करने लगे ट्रोल?

आज बना सकते हैं 3 बड़े रिकॉर्ड
2011 में आयरलेंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज करने वाले बेन स्टोक्स ने इस फॉर्मेट में कई बेहतरीन पारियां खेली और कितनी ही बार अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच के रुख को भी बदला। अपने 11 साल के वनडे करियर में स्टोक्स ने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। अब जाते जाते भी उनके पास अपने आखिरी वनडे मैच में भी तीन बड़े रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका रहेगा। दरअसल, स्टोक्स 50 ओवर फॉर्मेट में 3 बड़े रिकॉर्ड बनाने के बहुत नजदीक खड़े है।

3 हजारी बन सकते हैं स्टोक्स
31 वर्षीय दिग्गज ऑलराउंडर ने अभी तक 104 वनडे मैचों में लगभग 40 की औसत से कुल 2919 रन बनाए हैं। आज अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह 81 रन बना लेते हैं, तो इस फॉर्मेट में अपने 3 हजार रन पूरे कर लेंगे। वनडे में इंग्लैंड के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह केवल 20वें खिलाड़ी होंगे। स्टोक्स अगर तीन हजार रन बनाने में सफल रहे, तो ये उपलब्धि उनके रिटारमेंट को और खास बना देंगी।

लगा सकते हैं छक्कों का शतक
बेन स्टोक्स अपने अंतिम वनडे मैच में छक्कों का शतक भी लगा सकते हैं। दरअसल, अभी तक अपने वनडे करियर में उन्होंने कुल 88 छक्के लगाए हैं। सा. अफ्रीका के खिलाफ अगर वह पारी में 12 सिक्स लगा देते हैं, तो इंग्लैंड की ओर से इस फॉर्मेट में 100 छक्के लगाने वाले सिर्फ तीसरे और दुनिया के 41वें खिलाड़ी बन जाएंगे। इंग्लैंड के लिए अभी तक पूर्व कप्तान ओएन मॉर्गन (202) और मौजूदा कप्तान जोस बटलर (146) ने 100 से ज्यादा छक्के लगाए हैं।
इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
ओएन मॉर्गन: 202
जोस बटलर: 146
एंड्रयू फ्लिंटॉफ: 119
जॉनी बेयरस्टो: 89
बेन स्टोक्स: 88*

50 कैच पूरे करने का मौका
स्टोक्स की गिनती दुनिया के आक्रामक बल्लेबाजों और चतुर गेंदबाजों के अलावा बेहतरीन फील्डर्स में भी की जाती है। वनडे में वह अभी तक कुल 49 कैच पकड़ चुके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगर अपने करियर के आखिरी मैच में भी वो सिर्फ 1 कैच पकड़ लेते हैं, तो इस फॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए 50 कैच लपकने वाले आठवें खिलाड़ी बन जाएंगे। वनडे में 3 हजार के करीब रन, 70 से ज्यादा विकेट और लगभग 50 कैच ये वाकई में बेन स्टोक्स के लाजवाब एकदिवसीय करियर को दर्शाता है।
इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी:
पॉल कॉलिंगवुड: 108
जो रूट: 78
ओएन मॉर्गन: 75
ग्रीम एशले हिक: 64
एंड्रयू स्ट्रॉस: 57
इयान बेल: 54
जेम्स एंडरसन: 53
बेन स्टोक्स: 49*












Click it and Unblock the Notifications