IPL 2026 से पहले LSG से अलग हुए जहीर खान, सिर्फ एक सीजन बाद ही क्यों छोड़ी टीम? फैंस हैरान
IPL 2026, LSG Zaheer Khan: आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के मेंटोर जहीर खान ने अपना पद छोड़ दिया है। यह फैसला तब लिया गया है, जब टीम आईपीएल 2025 में एक निराशाजनक प्रदर्शन के बाद प्लेऑफ से बाहर हो गई थी। जहीर ने पिछले साल ही टीम को ज्वॉइन किया था और उनका यह कार्यकाल एक सीजन में ही खत्म हो गया।
आखिर जहीर खान ने क्यों छोड़ा टीम (IPL 2026, LSG Zaheer Khan)
जहीर खान का जाना टीम के लिए एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि उन्हें फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक हिस्सा माना जा रहा था। हालांकि, पर्दे के पीछे की कुछ मतभेद उनकी विदाई का कारण बने। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार जहीर खान के टीम छोड़ने का मुख्य कारण हेड कोच जस्टिन लैंगर और टीम मालिक संजीव गोयनका के साथ उनके विचारों का मेल न खाना था।

मैनेजमेंट के साथ सही नहीं चला रिश्ता
कहा जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट में विचारों की अस्पष्टता थी, जिससे जहीर असहज थे। इस मतभेद ने टीम के प्रदर्शन पर भी असर डाला, खासकर आईपीएल 2025 के दूसरे हाफ में जब टीम लगातार हारती चली गई। जहीर का कप्तान ऋषभ पंत के साथ रिश्ता मजबूत बना रहा, लेकिन मैनेजमेंट के साथ उनकी असहमति ने उनके कार्यकाल को समय से पहले ही खत्म कर दिया।
जहीर खान का लखनऊ तक का ऐसा रहा सफर
जहीर खान अगस्त 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े थे। उन्होंने गौतम गंभीर की जगह ली थी, जो कोलकाता नाइट राइडर्स में चले गए थे और बाद में भारतीय टीम के हेड कोच बने। लखनऊ से पहले जहीर का मुंबई इंडियंस के साथ एक लंबा कार्यकाल था, जहां वह 2018 से 2022 तक स्कॉउटिंग और रणनीति में अहम भूमिका निभाते रहे।
लखनऊ में जहीर ने दो साल का करार किया था। उन्हें टीम को ऋषभ पंत के इर्द-गिर्द तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाते हुए 27 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।
लखनऊ के लिए ऐसा रहा आईपीएल 2025
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2025 का सीजन दो हिस्सों में बंटा रहा। टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले आठ मैचों में से पांच जीते, लेकिन अगले छह मैचों में सिर्फ एक ही जीत हासिल कर पाई। इस खराब प्रदर्शन के कारण टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही। घरेलू मैदान एकाना स्टेडियम में भी टीम का प्रदर्शन खराब रहा, जहां उन्हें आठ में से सिर्फ दो मैचों में जीत मिली।












Click it and Unblock the Notifications