टीम इंडिया के वेस्टइंडीज रवाना होने पर BCCI ने किया 3.5 करोड़ रुपए का खर्चा, वजह कर देगी हैरान
नई दिल्ली, जुलाई 21। इंग्लैंड को उसी की धरती पर वनडे सीरीज में मात देने के बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज पहुंच चुकी है, जहां टीम को 22 जुलाई से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है और उसके बाद पांच टी20 मैचों की सीरीज होगी। वेस्टइंडीज के लिए टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी सीधा इंग्लैंड से रवाना हुए हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी भारत से गए हैं। ऐसे में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज पहुंचाने पर करीब 3.5 करोड़ रुपए का खर्चा किया है।

क्यों 3.5 करोड़ रुपए हुए खर्च
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने करीब 3.5 करोड़ रुपए का खर्चा कर चार्टर्ड प्लेन के जरिए खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज पहुंचाया है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा कोविड 19 की वजह से नहीं किया गया है बल्कि खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण ऐसा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, चार्टड प्लेन के जरिए टीम के 16 खिलाड़ियों के अलावा कोच और सपोर्ट स्टाफ के कई लोग इसमें शामिल थे। साथ ही कई खिलाड़ियों का परिवार भी उनके साथ था। इस वजह से बीसीसीआई ने इतना खर्चा कर डाला है।
शिखर धवन हैं वनडे सीरीज के कप्तान
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया पहला वनडे 22 जुलाई से खेलेगी। इस सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली, बुमराह और पंत को आराम दिया गया है। शिखर धवन वनडे सीरीज में टीम के कप्तान हैं। रोहित शर्मा की टी20 सीरीज में वापसी होगी, लेकिन विराट कोहली टी20 सीरीज के लिए भी बाहर ही रहेंगे।
वनडे सीरीज के लिए भारत से कई खिलाड़ी वेस्टइंडीज पहुंचे हैं, इसी वजह से बीसीसीआई को चार्टड प्लेन से खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज भेजा गया है। आमतौर पर कॉमर्शियल फ्लाइट पर बीसीसीआई करीब 2 करोड़ रुपए का खर्चा करती है। मैनचेस्टर से पोर्ट ऑफ स्पेन के बीच बिजनेस क्लास के टिकट का दाम 2 लाख रुपए है। वहीं चार्टड प्लेन से यात्रा करना महंगा होता है। बता दें कि टीम इंडिया वेस्टइंडीज में वनडे सीरीज खेलने के लिए मंगलवार रात 12 बजे के करीब वेस्टइंडीज पहुंची थी। यात्रा करने वालों में 16 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल थे, जिसमें कोच राहुल द्रविड़ भी थी। इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों की पत्नी भी थी।












Click it and Unblock the Notifications