लो-प्रोफाइल में रहकर काम करने वाले रोजर बिन्नी, अब 'लाइमलाइट' में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
बीसीसीआई के नए अध्यक्ष के तौर पर रोजर बिन्नी अब सौरव गांगुली से पदभार संभालने जा रहे हैं। इसका फैसला BCCI की मुंबई होने वाली सालाना आम बैठक में हो गया जहां पर बिन्नी को बिना किसी विरोध के चुना गया। रोजर बिन्नी को हम 1983 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए जानते हैं।
बिन्नी एक नेचुरल एथलीट माने जाते थे। उन्होंने हमेशा लो-प्रोफाइल रहकर अपना काम किया।

बीसीसीआई प्रेसीडेंट बनकर उनको लाइमलाइट मिलनी तय है
अब बीसीसीआई प्रेसीडेंट बनकर उनको लाइमलाइट मिलनी तय है। बिन्नी इसलिए और भी चर्चित हो गए हैं क्योंकि वे सौरव गांगुली जैसे हाईप्रोफाइल दिग्गज की जगह इस पोस्ट पर आ रहे हैं। जबकि गांगुली अब भी दूसरे कार्यकाल की ओर देख रहे थे लेकिन बोर्ड के इतिहास में ऐसा मौका नहीं आया है जब बीसीसीआई अध्यक्ष को लगातार दो बार कार्यकाल मिला हो।

वर्ल्ड कप, वर्ल्ड सीरीज से कमाया नाम
कपिल देव का ये साथी बीसीसीआई अध्यक्ष के तौर पर एक सरप्राइज च्वाइस बनकर उभरा है। उन्होंने वर्ल्ड कप में खेले गए मैचों में 18 विकेट चटकाए थे जो उस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत तौर पर चटकाए जाने वाले विकेट थे।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट चैम्पियनशिप 1985 में उन्होंने वैसा ही कारनाम करके तब दिखाया जब 17 विकेट हासिल किए। वह सीरीज भी भारत ने जीती थी।

बेटे स्टुअर्ट बिन्नी भी कर्नाटक और भारत के लिए खेले
रोजर बिन्नी ठीक-ठाक ऑलराउंडर थे जिन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट खेले, जिसमें 23.06 की औसत से 830 रन बनाए; और 32.64 की औसत से 47 विकेट लिए। उन्होंने 72 एकदिवसीय मैच खेले, जिसमें 16.13 की औसत से 629 रन बनाए और 29.35 की औसत के साथ 77 विकेट लिए। बिन्नी का करियर इससे आगे नहीं गया और 90 के दशक में उनका नाम मीडिया में काफी कम आता था।
इसके बाद उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी भी कर्नाटक और भारत के लिए खेले। वे भी पिता की तरह एक ऑलराउंडर थे। स्टुअर्ट ने 6 टेस्ट और 14 वनडे खेले।

सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य के रूप में कार्य किया
जब संदीप पाटिल अध्यक्ष थे तब बिन्नी ने सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य के रूप में कार्य किया।
बिन्नी 67 साल के हैं और उनकी उम्र को देखते हुए उनके पास अपने कार्यकाल को पूरा करने के लिए तीन साल बचे हैं। बिन्नी KSCA प्रेसीडेंट हैं और बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद वे उनको वहां पर अपनी पोस्ट छोड़नी होगी।














Click it and Unblock the Notifications