BCCI अध्यक्ष बनते ही दो बातों पर रोजर बिन्नी का फोकस, एक बात जुड़ी है जसप्रीत बुमराह से
विश्व कप विजेता रोजर बिन्नी (Roger Binny) को मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड ने सौरव गांगुली की जगह पर नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। 67 साल के बिन्नी के साथ पुराने सचिव के तौर पर जय शाह काम करते रहेंगे क्योंकि उनको एक और कार्यकाल मिला है जबकि वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर राजीव शुक्ला रहेंगे।

एंग्लो इंडियन फैमिली से आते हैं
रोजर बिन्नी बेंगलुरु में जन्मे है और वह एक एंग्लो इंडियन फैमिली से आते हैं। एक अच्छे गेंदबाज होने के साथ एक ऐसे बल्लेबाज थे जो पारी की शुरुआत करने के अलावा मध्यक्रम में भी बल्लेबाजी कर सकते थे। उनको अपने समय का एक उपयोगी ऑलराउंडर माना जाता था जिन्होंने 1987 में क्रिकेट से अलविदा कह दिया था और कोचिंग व खेल प्रशासन में अपनी भूमिका निभानी शुरू कर दी थी।

दो सबसे अहम प्राथमिकताओं के बारे में बात की
उन्होंने उस टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप की कोचिंग दी थी जिसने 2000 में विश्व कप जीता था और उन्होंने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन में कार्यकाल बिताने के बाद 2012 में नेशनल सिलेक्टर का रोल भी निभाया था। वे फिलहाल कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन में कार्यरत थे जिसके पद से उनको इस्तीफा देना होगा। बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अपनी दो सबसे अहम प्राथमिकताओं के बारे में बात की है।

जसप्रीत बुमराह विश्व कप से पहले चोटिल हो गए
समाचार एजेंसी ANI के हवाले से बिन्नी ने बताया, मैं मुख्य तौर पर दो चीजों पर फोकस करना चाहता हूं। सबसे पहले तो खिलाड़ियों की चोटों को रोकने की कोशिश करूंगा। जसप्रीत बुमराह विश्व कप से पहले चोटिल हो गए और इसने पूरे प्लान को प्रभावित किया। दूसरी बात यह है कि मैं देश में पिचों पर फोकस करना चाहता हूं।
बिन्नी ने जो मुद्दे उठाए हैं वे देश के क्रिकेट के लिए काफी हैं क्योंकि चोटों की समस्या ने वाकई में भारतीय क्रिकेट टीम को प्रतियोगिताओं से पहले बड़े झटके दिए हैं। खासकर जसप्रीत बुमराह का वर्क लोड मैनेजमेंट होने के बावजूद उनकी चोट का बार बार आना टीम इंडिया के प्लान पर बट्टा लगा देता है।












Click it and Unblock the Notifications