BCCI की शीर्ष परिषद की अहम बैठक बुधवार को, टी20 के लिए नए कोच और नए कप्तान का हो सकता है ऐलान
बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की मीटिंग में टी20 फॉर्मेट के लिए अलग कोच और अलग कप्तान के नाम पर सहमति बन सकती है। साथ ही इस मीटिंग में टी20 विश्व कप में भारत की हार की समीक्षा भी होगी।

BCCI Apex Council Meeting टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार के बाद से भारतीय क्रिकेट में बदलाव की मांग तेज हो गई है। कोच और कप्तान को बदलने की मांग अभी तक कई पूर्व क्रिकेटरों की ओर से की जा चुकी है। ऐसे में बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की शीर्ष परिषद की एक बैठक आयोजित होगी। सूत्रों की मानें तो इस मीटिंग में भारतीय क्रिकेट में बदलाव के एजेंडे शामिल हो सकते हैं, जिसमें टी20 टीम के लिए अलग कोच और अलग कप्तान रखने का एजेंडा शामिल है।
इस अहम बैठक में हो सकते हैं अहम फैसले
BCCI शीर्ष परिषद की इस अहम बैठक में सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट और नई चयन समिति की नियुक्ति पर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही बैठक में तीनों फॉर्मेट के लिए अलग कोच और अलग कप्तानों की नियुक्ति पर भी चर्चा की संभावना है। यह बैठक वर्चुअल माध्यम से होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं है, इसलिए इस मीटिंग में टी20 विश्व कप की हार को लेकर समीक्षा भी की जा सकती है।
हार्दिक पांड्या हो सकते हैं कप्तान
आपको बता दें कि इन दिनों भारतीय क्रिकेट में जिस बदलाव की सबसे ज्यादा सुगबुगाहट है वो यह है कि हार्दिक पांड्या को टी20 फॉर्मेट का नया कप्तान बनाया जा सकता है, जबकि वीवीएस लक्ष्मण टी20 फॉर्मेट के नए कोच हो सकते हैं। अभी रोहित शर्मा टी20, वनडे और टेस्ट के नियमित कप्तान हैं और राहुल द्रविड़ कोच हैं। संभावना यह भी है कि 2024 में होने वाले टी20 विश्व के लिए टीम तैयार करने की जिम्मेदारी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दी जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications