कुलदीप यादव को कोलंबो टेस्ट से बाहर कर BCCI ने दिया अजीब तर्क, भड़के फैंस ने लगा दी क्लास
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट से कुलदीप यादव का बाहर होना चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में कुलदीप की जगह सारांश जैन को मौका दिया है। टॉस के समय कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि कुलदीप कुछ संक्रमण की वजह से मैच नहीं खेल रहे हैं।
इसके बाद बीसीसीआई ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कुलदीप की स्थिति पर जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक, कुलदीप अभी वायरल बीमारी से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। इसी पोस्ट में यह भी बताया गया कि जरूरत पड़ने पर वह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर उपलब्ध रहेंगे। यही बात सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस को खटक गई।

BCCI के बयान में फैंस ने पकड़ी यही बात
कुलदीप के बीमार होने की जानकारी सामने आने के बाद ज्यादातर फैंस का सवाल यह है कि अगर खिलाड़ी अभी वायरल बीमारी से रिकवर नहीं हुआ है, तो वह मैच के दौरान कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर कैसे मैदान पर उतर सकता है?
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसी विरोधाभास को लेकर बीसीसीआई पर सवाल उठाए। फैंस का तर्क है कि जब बीमारी के कारण कुलदीप को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है, तो फिर जरूरत पड़ने पर उसी मैच में उन्हें सब्स्टीट्यूट के रूप में खेलने के लिए उपलब्ध रखने की बात समझ से परे है। फैंस ने यह भी कहा कि बहाने बनाने के बजाय सीधा बोलना चाहिए कि कुलदीप यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है।
सारांश जैन को मिला डेब्यू का मौका
कुलदीप के बाहर होने का सीधा फायदा सारांश जैन को मिला। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई और उन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि कोलंबो की पिच गॉल के मुकाबले ज्यादा सख्त और बल्लेबाजी के लिए बेहतर नजर आ रही है। इस वजह से उन्होंने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया।


Click it and Unblock the Notifications
