बीसीसीआई के पूर्व सचिव अमिताभ चौधरी का कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन
नई दिल्ली, 16 अगस्त: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व कार्यवाहक सचिव, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के पूर्व अध्यक्ष और झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) का अध्यक्ष रह चुके अमिताभ चौधरी का निधन हो गया है।

वे आज सुबह कार्डियक अरेस्ट के चलते दुनिया में नहीं रहे। उनको अस्पताल ले जाया गया पर वे बच नहीं सके। वे भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी भी थे।
चौधरी ऐसे शख्स थे जिन्होंने आईपीएल और क्रिकेट प्रशासक रहते हुए मुश्किल हालातों से निपटने में महारत हासिल की। उन्होंने झारखंड में लोकसभा और विधान सभा चुनाव में भी अपना भाग्य आजमाया लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी।
कुल मिलाकर चौधरी झारखंड के ऐसे चर्चित लोगों में शामिल रहे जिन्होंने कई क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने 1985 में आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की ड्रिग्री ली थी। फिर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास करने के बाद बिहार का कैडर मिला। बाद में झारखंड अलग राज्य बना तो चौधरी को वहां का कैडर मिल गया।
चौधरी ने क्रिकेट में 2000 के दशक में कदम रखा जब उनको 2002 में बीसीसीआई की मेंबरशिप मिली। 2005 में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बनने के बाद वे क्रिकेट में अपना सफर को काफी आगे बढ़ा चुके थे। इतना ही नहीं, 2005 से 2009 तक टीम इंडिया के मैनेजर भी रहे।
उन्होंने राजनीति में भी महत्वकांक्षाएं दिखाई लेकिन वहां प्रशासन और क्रिकेट जैसी सफलता हाथ नहीं लगी।












Click it and Unblock the Notifications