ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के भारत दौरे का पूरा शेड्यूल जारी, जानें कब और कहां खेले जाएंगे मैच
नई दिल्ली, अगस्त 03। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से आगामी ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के भारत दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आपको बता दें कि टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी। पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज होगी। इसका आगाज 20 सितंबर से होगा। पहला टी20 मैच मोहाली में खेला जाएगा। इसके बाद नागपुर में दूसरा और हैदराबाद में तीसरा और आखिरी टी20 मैच खेला जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगी टी20 और वनडे सीरीज
वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम सबसे पहले तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मुकाबला 28 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इस सीरीज का आखिरी मैच 4 अक्टूबर को गुवाहटी में होगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होगा। पहला वनडे लखनऊ में दूसरा रांची और तीसरा और आखिरी वनडे दिल्ली में खेला जाएगा।

यहां देखिए पूरा शेड्यूल
ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा
- पहला टी20 20 सितंबर को मोहाली में होगा। इसके दूसरा 23 सितंबर को नागपुर में और आखिरी टी20 25 सितंबर को हैदराबाद में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका का भारत दौरा
- 28 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में पहला टी20 खेला जाएगा। 2 अक्टूबर को गुवाहटी में दूसरा टी20 होगा और तीसरा टी20 इंदौर में 4 अक्टूबर को खेला जाएगा।
- इसके बाद 6 अक्टूबर से वनडे सीरीज का आगाज होगा। पहला मुकाबला लखनऊ में होगा। दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में और तीसरा 11 अक्टूबर को दिल्ली में खेला जाएगा।

हाल ही में भारत दौरे पर आई थी अफ्रीकी टीम
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका की टीम जून के महीने में भी भारत के दौरे पर आई थी, जहां पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज का आगाज 9 जून से हुआ था। पांच मैचों की यह सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। पहले दो मुकाबले दक्षिण अफ्रीका ने जीते थे। फिर बाद के दो मुकाबले भारत ने जीते थे और सीरीज का आखिरी मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। यह सीरीज आईपीएल के बाद खेली गई थी।












Click it and Unblock the Notifications