Kohli से दुश्मनी, एक्ट्रेस ने लगाया रेप का आरोप.. अब बांग्लादेशी पेसर ने किया संन्यास का ऐलान
नई दिल्ली, 19 सितंबर: बांग्लादेश क्रिकेट टीम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन (Rubel Hossain) ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रुबेल खराब फॉर्म के चलते लगभग ढाई साल से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे थे। बांग्लादेश के लिए उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2020 में खेला था। हुसैन ने युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट का फैसला लिया।

फेसबुक के जरिए किया संन्यास का ऐलान
32 वर्षीय तेज गेंदबाज ने फेसबुक पोस्ट के जरिए टेस्ट फॉर्मेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, ''मैंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक आधिकारिक पत्र भेजकर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। घरेलू क्रिकेट में कई सारे युवा तेज गेंदबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे लगता है कि युवा तेज गेंदबाजों को जितने अधिक अवसर मिलेंगे, उतनी ही मजबूत हमारी क्रिकेट टीम भी होगी। इसलिए मैंने युवा खिलाड़ियों को अवसर देने के लिए रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। मुझे बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट मैच खेलने का सौभाग्य मिला। जो मेरे करियर की उपलब्धियों में से एक है।''

कैसा रहा टेस्ट करियर
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने बांग्लादेश के लिए कुल 27 टेस्ट मैच खेले और 76.78 की औसत से 36 विकेट लेने में सफल रहे। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 5/166 का रहा। रुबेल ने भले ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो, लेकिन लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में वो अभी भी बांग्लादेश के लिए खेलते रहेंगे। 104 वनडे मैचों में उनके नाम पर 129 और 28 टी20 इंटरनेशनल में 28 विकेट दर्ज है।

कोहली के साथ रहा विवाद
रुबेल हुसैन का करियर विवादों से भरा रहा। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ तो उनका 36 का आंकड़ा था। विराट को वो अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानते हैं। एक बार अपने बयान में रुबेल ने कहा था, "मैं कोहली के साथ U-19 के दिनों से ही खेल रहा हूं। तभी से हम दोनों के बीच अनबन रहती है। U-19 के दिनों में वह बहुत स्लेजिंग करते थे। साउथ अफ्रीका, भारत और बांग्लादेश के बीच खेली गई ट्राई सीरीज के दौरान वह हमारे बल्लेबाजों को गाली भी दे रहे थे। तब हम दोनों के बीच काफी बहस हुई थी और अंपायर को बीच में आकर सुलह करानी पड़ी थी।" बता दें कि रुबेल ने कोहली को वनडे क्रिकेट में दो बार आउट किया है।

रेप का आरोप भी लगा
2014 में बांग्लादेशी एक्ट्रेस नाजनीन ने रुबेल हुसैन के ऊपर रेप का आरोप लगाया था। इसके बाद 2015 में रुबेल को रेप के आरोप में जेल तक जाना पड़ा था। हालांकि, 2015 वर्ल्ड कप की टीम में चयनित होने के बाद 3 दिन के अंदर ही उनको जेल से रिहा कर दिया गया। कुछ समय बाद एक्ट्रेस ने केस वापस लेते हुए अपने बयान में कहा था कि रुबेल को उन्होंने माफ कर दिया है और अब वो उनके खिलाफ कोर्ट में नहीं जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications