2400000000 रुपये के घाटे में बांग्लादेश क्रिकेट, टी20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट कर रातोंरात हुआ कंगाल
Bangladesh Cricket:आईसीसी और बीसीसीआई से भिड़ने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को मुंह की खानी पड़ी है। भारत में टी20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं आने का फैसला लेने के बाद बांग्लादेश को रेवन्यू का बड़ा हिस्सा गंवाना पड़ेगा। यह राशि कुछ इतनी ज्यादा है कि रातोंरात बोर्ड की कमाई पर असर पड़ेगा।
आईसीसी से ही क्रिकेट बोर्ड को पैसा मिलता है और कमाई का मुख्य जरिया आईसीसी से आने वाला पैसा ही होता है। अब इसका खामियाजा तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भुगतना ही पड़ेगा। बांग्लादेश को आईसीसी से रेवेन्यू के रूप में अरबों रुपये मिलते हैं।

बांग्लादेश को कितने रुपयों का नुकसान
टूर्नामेंट का बहिष्कार करने के कारण बांग्लादेश को मिलने वाले करीब 27 मिलियन डॉलर (240 करोड़ रुपये) अब नहीं मिलेंगे। यह रकम इतनी बड़ी है कि यह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सालाना कमाई का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है। इतनी बड़ी रकम से क्रिकेट बोर्ड का खजाना तुरंत खाली हो जाएगा। उनको क्रिकेट ऑपरेशंस के लिए पैसे की जरूरत तो होगी।
आर्थिक नुकसान केवल आईसीसी की रकम तक ही सीमित नहीं है। वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच से हटने के कारण बोर्ड को मिलने वाली स्पॉन्सरशिप और ब्रॉडकास्टिंग डील भी हाथ से निकल जाएंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घाटे की भरपाई करने में बांग्लादेश को सालों लग सकते हैं, जिससे वहां के घरेलू क्रिकेट और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग पर भी बुरा असर पड़ेगा।
भारत के खिलाफ सीरीज से जाएगा बड़ा रेवेन्यू
इस साल भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का कार्यक्रम है लेकिन अब वह शायद नहीं होगी। भारतीय टीम को बांग्लादेश में खेलने के लिए जाना है। इस सीरीज का बड़ा रोल रहेगा। भारत के साथ खेलने से उनको दस अन्य सीरीज के बराबर पैसा मिलता है, जिसका नुकसान होना है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने जब भारत से अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने का अनुरोध किया, तो आईसीसी ने मांग ठुकरा दी। आईसीसी की मीटिंग में हुई वोटिंग के दौरान बांग्लादेश को पाकिस्तान के अलावा अन्य किसी देश का समर्थन नहीं मिला। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश को 24 घंटों का समय दिया और अंतरिम सरकार ने टीम नहीं भेजने का निर्णय लिया।












Click it and Unblock the Notifications