World Cup 2023: शाकिब अल हसन ने इन 3 टीमों को बताया खिताब की दावेदार, बांग्लादेश की हार पर किया बड़ा खुलासा
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के 22वें मैच में बांग्लादेश को अपनी चौथी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के हाथों 149 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। दक्षिण अफ्रीक के लिए क्विंटन डी कॉक और हेनरिक क्लासेन ने कमाल का प्रदर्शन किया, और बोर्ड पर 382 रन टांग दिए। जवाब में बांग्लादेश 233 रन ही बना सकी। इस बीच बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने खिताब के प्रबल दावेदार और अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
शाकिब अल हसन ने बिना किसी झिझक के बताया कि, मौजूदा टूर्नामेंट में कौन सी तीन टीमें खिताब की प्रबल दावेदार लग रही हैं। उन्होंने कहा कि, 'फिलहाल भारत, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका तीन ऐसी टीमें हैं जिनके बारे में लग रहा है कि वे खिताब की दावेदार हो सकती हैं। लेकिन कुछ भी हो सकता है, अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है। सीखने के लिए बहुत कुछ है और खेलने के लिए भी बहुत कुछ है।'

उन्होंने कहा कि, 'यदि हम सेमीफाइनलिस्ट नहीं तो पांच या छह नंबर पर समाप्त करना चाहेंगे। हम अभी भी ऐसा कर सकते हैं, मुझे उम्मीद है कि हम और मजबूती से वापसी कर सकते हैं।
दरअसल, बांग्लादेश के खिलाफ अपने 150वें वनडे मैच में डी कॉक ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और लगभग अंत तक बल्लेबाजी की, लेकिन वह वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बनने का मौका चूक गए। अपने 20वें वनडे शतक की ओर बढ़ते हुए डी कॉक ने सर्वाधिक रनों के मामले में भारत के विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया और इस विश्व कप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (163) को भी पीछे छोड़ दिया।
डी कॉक ने विश्व कप 2023 में अपना तीसरा वनडे शतक दर्ज किया, जबकि क्लासेन अपने दूसरे शतक से चूक गए। बांग्लादेश के लिए महमुदुल्लाह ने कड़ी मेहनत से शतक जड़कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। बांग्लादेश अब विश्व कप नॉकआउट में जगह बनाने की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है।
शाकिब अल हसन ने टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि, हमने पहले 25 ओवर लय में गेंदबाजी की। इस दौरान तीन विकेट भी मिले। इसके बाद उन्होंने रफ्तार बढ़ाई। क्विंटन डिकॉक ने अच्छी बल्लेबाजी की और क्लासेन ने भी शानदार फिनिश किया। ऐसे मैदान पर ऐसा हो सकता है, लेकिन हमें गेंदबाजी में और सुधार करना चाहिए था। हम लास्ट10 ओवर में मैच हार गए।'
ये भी पढ़ें- PAK टीम को लेकर क्या बोल गए कामरान अकमल? लाइव शो में एंकर ने खो दिया आपा! देखें Video
शाकिब अल हसन विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बांग्लादेश के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर अपनी टीम को संबंधित स्थिति में ले जाने में नाकाम रहे और बाद में उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका विश्व कप खिताब जीतने के प्रबल दावेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications