'वो लगातार मुझे उकसाने की कोशिश कर रहा था', अश्विन ने सुनाई टिम पेन के साथ हुई जुबानी जंग की कहानी
नई दिल्ली। वूट ऑरिजन्ल्स की ओर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2020-21 में खेली गई 4 मैचों की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज को लेकर एक डॉक्यूमेंट्री 'बंदो में था दम' का ट्रेलर रिलीज किया गया है, जिसमें भारतीय टीम के दिग्गज इस ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज के दौरान हुई पीछे की कई घटनाओं का खुलासा करते नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद विराट कोहली पैरेंटल लीव पर भारत वापस आ गये। वहीं अजिंक्य रहाणे ने दूसरे ही टेस्ट मैच में शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई और सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद भारतीय टीम ने सिडनी में खेले गये तीसरे टेस्ट मैच में आखिरी दिन शानदार बल्लेबाजी कर मैच को ड्रॉ कराया और गाबा के मैदान पर खेले गये आखिरी मैच में ऐतिहासिक जीत हासिल कर एक बार फिर से ऑस्ट्रेलिया को उसके घर पर धूल चटा दी। इस जीत के साथ ही फैन्स को कई सारी और घटनाओं का भी सामना करना पड़ा, जिसमें नस्लीय टिप्पणियों के अलावा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के साथ ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की जुबानी जंग भी काफी मशहूर हुई।

अश्विन के दम पर सिडनी में बचा मैच
सिडनी के मैदान पर भारत ने जो ऐतिहासिक ड्रॉ खेला उसमें भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और हनुमा विहारी ने आखिरी दिन शानदार बल्लेबाजी की और मैच को बचाने का काम किया। इस मैच में आखिरी पारी के दौरान 407 रनों का पीछा कर रही भारतीय टीम के लिये अश्विन और हनुमा विहारी ने शानदार बल्लेबाजी की और मैच को बचा लिया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने अश्विन को गाबा में देखने की धमकी भी दी थी और काफी बहस भी देखने को मिली थी, जो काफी वायरल हुई। अश्विन इस मैच के बाद चोटिल होने की वजह से आखिरी मैच नहीं खेल पाये थे लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर 12 विकेट भी चटकाये थे और इस सीरीज में भारत के लिये सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले दूसरे गेंदबाज बने थे।

अश्विन ने बताया क्यों पेन को दिया था वो जवाब
'बंदो में था दम' की डॉक्यूमेंट्री वेबसीरीज में बात करते हुए अश्विन ने टिम पेन के साथ हुई अपनी बहस का खुलासा किया और बताया कि उन्होंने टिम पेन को भारत चलने की बात क्यों कही थी।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि विहारी को अच्छे से याद होगा कि मैंने ऐसा क्यों कहा था क्योंकि हम दौरे पर जाने के दौरान टिम पेन की बल्लेबाजी को लेकर ही बात कर रहे थे। मैंने इन लोगों को लगातार बताया और एक अलग तरह का शॉर्ट लेग फील्डर रखा, हम आम तौर पर लेग स्लिप रखते हैं लेकिन उनके लिये हमने फॉरवर्ड लेग रखा.. हमने बात की.. रहाणे, मैंने विहारी और कहा कि पुजारा अक्सर लेग स्लिप पर खड़े होते हैं लेकिन यह खिलाड़ी हेलमेट के बिना नहीं खड़ा होगा, हम उन्हें थोड़ा सा अलग खड़ा करते हैं और हमें इसका फायदा मिल सकता है।'

भारत आये तो हर बार ऐसे ही आउट होंगे पेन
अश्विन ने आगे बताया कि हमारी बातचीत के बाद हमने पुजारा को उस जगह पर खड़ा किया और पेन के बल्ले का किनारा लगकर वहीं कैच हो गया। हमने इस विकेट का जश्न मनाया और मैंने विहारी से कहा कि उम्मीद है कि यह बैटर भारत न आये, क्योंकि अगर यह आया तो ये हर बार इसी जगह आउट होगा। हालांकि दिन के अंत में जब हम बैटिंग कर रहे थे तो वो हमें उकसा रहा था और तभी मेरे दिमाग में यह बात आई और मैंने ये जवाब दिया। यह अचानक से हुआ क्योंकि हमने पहले इसको लेकर बात की थी।

गुस्साये पेन ने अश्विन को दी थी गालियां
इसके जवाब में टिम पेन काफी बौखला उठे थे और अश्विन पर भड़कते हुए कहा था कि ,'शायद मैं भारत आउं या नहीं भी आउं, पर क्या अब तुम यहां भी चयनकर्ता बन गये हो, कम से कम मेरे साथी मुझे पसंद करते हैं डि**ड, मेरे पास तुमसे कई ज्यादा भारतीय दोस्त हैं, यहां तक कि तुम्हें तो तुम्हारी टीम के साथी खिलाड़ी ही पसंद नहीं करते हैं, हर कोई तुमसे नफरत करता है।' टिम पेन के लगातार बोलने के चलते अश्विन ने खेलने से इंकार कर दिया और कहा कि जब तुम्हारा हो जाये तब बताना, इस पर पेन बोले कि मै सारा दिन बोल सकता हूं। तुम बस गाबा पहुंचने का इंतजार करो, वहां हम तुम्हारी बखिया उधेड़ देंगे।

चोटिल होने के बावजूद दिया अपने बेस्ट
वहीं दूसरे छोर से गेंदबाजी कर रहे नॉथन लॉयन ने अश्विन से पूछा कि वो क्यों रुके हुए हैं तो उन्होंने कहा कि यह मेरी गलती नहीं है तुम्हारा कप्तान ही नहीं चाहता है कि खेल बढ़े। गौरतलब है कि अश्विन ने इस दौरान न सिर्फ शानदार बल्लेबाजी कि बल्कि गेंदों से लगातार चोटिल होने के बावजूद क्रीज पर खड़े रहे। सिडनी में अश्विन ने हनुमा विहारी के साथ मैच बचाऊ 62 रनों की साझेदारी की और मैच को ड्रॉ कराया। इसके बाद जब टीम गाबा पहुंची तो वो पीठ में खिंचाव के चलते खेल नहीं सके।
अश्विन ने आगे कहा,'यह मेरे लिये हैरानी भरा था कि मैं चोटिल होने के पेनकिलर्स खाकर गेंदबाजी करने पहुंचा। मैंने 13-14 ओवर गेंदबाजी की, यह इतना बुरा दर्द था कि मैं फर्श पर दर्द से कराहते हुए लेटा था और बेड पर नहीं पहुंच पा रहा था। मेरी पत्नी और बच्चों ने मुझे खड़ा करने में मदद की और फिर फिजियो ने आकर मुझे चेक किया। मैं उस मैच में घिसटते हुए जरूर गया था लेकिन मैंने अपना बेस्ट दिया।'












Click it and Unblock the Notifications