BAN vs IRE: बांग्लादेश ने 13 ओवर में मैच जीता, ODI सीरीज में आयरलैंड को बुरी तरह धूल चटाई
BAN vs IRE: बांग्लादेश के गेंदबाजों के बाद ओपनरों ने हाथ दिखाए। तमीम इकबाल और लिटन दास ने मिलकर मुकाबला समाप्त कर दिया।

BAN vs IRE: बांग्लादेश का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। आयरलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम मैच में बांग्लादेश ने 10 विकेट से एक बड़ी जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। आयरलैंड की बल्लेबाजी इस मुकाबले में बिलकुल फ्लॉप रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरिश टीम 28.1 ओवर में महज 101 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गई। जवाबी पारी में खेलते हुए बांग्लादेश की टीम ने 13.1 ओवर में 102 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली।
हसन महमूद ने झटके 5 विकेट
टॉस जीतकर आयरलैंड ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन यह गलत साबित हो गया। ओपनर स्टीफ़न डोहेनी और पॉल स्टर्लिंग क्रमशः 8 और 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए। कप्तान बैलबर्नी ने 6 रन बनाये। हैरी टेक्टर बिना खाता खोले आउट हो गए। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कर्टिस कैम्फर थे। उनके बल्ले से 36 रनों की पारी आई। उनके अलावा लॉर्कन टकर के बल्ले से भी 28 रन आये। आयरलैंड खराब स्थिति से उबर नहीं पाई और 101 के कुल स्कोर पर सिमट गई। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 5 विकेट झटके। तस्कीन अहमद ने भी 3 विकेट झटके। इबादत होसैन ने भी 2 विकेट हासिल किये।
लिटन दास का शानदार अर्धशतक
जवाबी पारी में खेलते हुए बांग्लादेश के ओपनरों ने तूफानी खेल का प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड के गेंदबाजों को धो दिया। तमीम इकबाल और लिटन दास ने मिलकर अविजित शतकीय भागीदारी करते हुए 13.1 ओवर में टीम को जीत दिला दी। तमीम इकबाल ने नाबाद 41 रन बनाये। उनके अलावा लिटन दास ने 38 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 50 रन बनाये।
सीरीज में बांग्लादेश ने रिकॉर्ड बनाया
इससे पहले खेले गए दो मैचों में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी की थी। पहले वनडे में बांग्लादेश ने 183 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। दूसरे मैच में बांग्लादेश ने अपना सबसे बड़ा वनडे स्कोर बनाते हुए 349 रन बोर्ड पर लगाये। बाद में बारिश के कारण आयरलैंड को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला और मुकाबला बेनतीजा समाप्त हो गया।












Click it and Unblock the Notifications