बाबर आजम बोले- मेरा लक्ष्य डेढ़ साल में दो वर्ल्ड कप जीतना है, बचपन से हूं क्रिकेट का दीवाना
कराची । पाकिस्तान के प्रेरणादायक कप्तान बाबर आजम ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले डेढ़ साल में अपनी टीम को दो वर्ल्ड कप दिलाना है। पाकिस्तान 2022 में टी20 विश्व कप और 2023 में 50 ओवर के विश्व कप के लिए खेल के छोटे प्रारूपों में कुछ अच्छे परिणामों के साथ वार्म अप कर रहा है। घर में वेस्टइंडीज पर 3-0 से जीत हासिल करने के बाद, सोमवार को पाकिस्तान आईसीसी रैंकिंग में भारत को पछाड़ते हुए 5वें स्थान पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें- IPL Media Rights : वायकॉम ने जीता पैकेज सी, जानिए कितनी हुई BCCI की कमाई
Recommended Video

दो वर्ल्ड कप जीतना है लक्ष्य
बाबर आजम ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया, "मैं अपनी फॉर्म का लुत्फ उठा रहा हूं, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन इस फॉर्म के साथ मेरा मुख्य लक्ष्य अगले डेढ़ साल में पाकिस्तान के लिए दो विश्व कप जीतना है और अगर ऐसा होता है तो मुझे लगेगा कि मेरे रन सोने के लायक हैं।" बता दें कि पाकिस्तान ने 2009 में टी20 विश्व कप जीता था, जबकि 1992 में अपने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व में वनडे विश्व कप जीता था।

बचपन से हैं क्रिकेट के दीवाने
बाबर ने आगे कहा कि उन्होंने अपने स्कूली दिनों से ही पाकिस्तान के लिए प्रमुख खिताब जीतने का सपना देखा था और उसके पिता आजम सिद्दीकी के समर्थन ने ही उन्हें अपने सपनों को आगे बढ़ाने में मदद की। बाबर ने कहा, "जब मैंने स्कूली बच्चे के रूप में क्रिकेट खेलना शुरू किया तो मेरा लक्ष्य पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना था। दुनिया का टाॅप बल्लेबाज बनना था जिससे मेरी टीम को सभी खिताब जीतने में मदद मिले।" उन्होंने आगे कहा, "मैं बचपन में क्रिकेट का दीवाना था और उस जुनून को देखकर मेरे पिता ने मेरा साथ दिया।"
बता दें कि वनडे क्रिकेट में बाबर का औसत 60 के करीब है और उन्होंने 2022 में 6 मैचों में 3 शतक बनाए हैं। उन्होंने 100 के करीब औसत से 457 रन बनाए हैं। अपनी नेतृत्व शैली के बारे में बताते हुए बाबर ने कहा कि उनका मानना है कि सुधार की हमेशा गुंजाइश होती है। यह व्यक्तिगत रूप भी है साथ ही टीम के रूप में भी। उन्होंने कहा, ''कप्तान के तौर पर मैं चुनौती लेना चाहता हूं क्योंकि मैं सबसे आगे हूं। अगर मैं आगे हूं तो ही मेरी टीम मेरा पीछा करेगी और रन बनाने के मामले में भी कुछ ऐसा ही है।''

अपने प्रशंसकों के सामने खेलना शानदार अहसास है
बाबर ने कहा, "अगर मैं रन बना रहा हूं तो अन्य बल्लेबाज भी ऐसा करने की सोचेंगे और प्रेरित होंगे, लेकिन हमेशा सुधार की गुंजाइश होती है इसलिए मैं अपनी फिनिशिंग में सुधार करना चाहता हूं और कप्तान के रूप में यह अहम है।" बाबर ने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने खेलने से उन्हें अतिरिक्त प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा, "अपने घरेलू मैदान पर और अपने प्रशंसकों के सामने खेलना शानदार अहसास है। इससे मुझे ऊर्जा की दोहरी खुराक मिलती है और मैं पाकिस्तान के लिए ज्यादा से ज्यादा जीत की कामना करता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications