Asia Cup 2022 के सुपर राउंड में भारत के खिलाफ मिली जीत मेरा पसंदीदा टी20 मैच था- बाबर आजम
बाबर आजम ने एशिया कप 2022 के सुपर 4 राउंड में हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले को 2022 का सबसे पसंदीदा टी20 मैच बताया है। आपको बता दें कि इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया था।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने एशिया कप 2022 के सुपर 4 राउंड में हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले को 2022 का सबसे पसंदीदा टी20 मैच बताया है। आपको बता दें कि इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया था। पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में श्रीलंका के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था। बाबर आजम ने बताया कि एशिया कप में भारत पर मिली जीत "महत्वपूर्ण" थी क्योंकि इससे पाकिस्तान को फाइनल में जगह बनाने में मदद मिली थी।
क्या कहा है बाबर आजम ने ?
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने पीसीबी पोडकास्ट पर कहा है, "टी20 क्रिकेट में मेरा पसंदीदा मैच एशिया कप 2022 के सुपर 4 राउंड में भारत के खिलाफ था। उस मैच में हमने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। यह जीत खास इसलिए थी क्योंकि फाइनल में जाने के लिए यह मैच हमारे लिए अहम था।" आपको बता दें कि एशिया कप 2022 के ग्रुप मैच में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया था। सुपर 4 में दोनों टीमें एकबार फिर आपस में भिड़ी थीं, लेकिन वहां पाकिस्तान ने भारत को हरा दिया था।
टी20 वर्ल्ड कप में फिर भारत ने हरा दिया था पाकिस्तान को
एशिया कप के ग्रुप स्टेज के मुकाबले में हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा की वजह से पाकिस्तान की टीम भारत के हाथों 5 विकेट से हार गई थी, लेकिन सुपर राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान ने बदला ले लिया था। इसके बाद भारत-पाकिस्तान दोनों फिर से टी20 वर्ल्ड कप में भिड़े थे, जहां भारत ने फिर पाकिस्तान को मात दे दी थी। इस मैच में विराट कोहली ने नाबाद 82 रन की पारी खेली थी। विराट ने इस मैच को 2022 का बेहतरीन मैच करार दिया था। पाकिस्तान यह मैच 4 विकेट से हार गया था।
बाबर ने पसंदीदा टेस्ट जीत के बारे में भी बताया
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने इस बातचीत के दौरान अपनी पसंदीदा टेस्ट जीत को भी चुना है। बाबर ने बताया है कि गाले में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली जीत शानदार थी क्योंकि हमने मुश्किल ट्रैक पर 6 विकेट के नुकसान पर 342 रनों का पीछा किया था। अब्दुल्ला शफीक ने दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने नाबाद 160 रन बनाए थे। बाबर ने साल 2022 को याद करते हुए आगे कहा कि एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचना पाकिस्तान क्रिकेट के लिए हाइलाइट रहा। हालांकि बाबर ने इस दौरान इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में मिली हार पर भी बात की और बताया कि इन मैचों ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications