PAK vs NZ: न्यूजीलैंड की B ग्रेड टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह चटाई धूल, सिर खुजाते रह गए बाबर-रिज़वान
PAK vs NZ: सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में पाकिस्तान दौरे पर गई न्यूजीलैंड की नई टीम ने मेजबान टीम को धूल चटा दी। कीवी टीम ने पाकिस्तान को तीसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट के अंतर से हरा दिया। बाबर आजम की टीम ने इस हार के बारे में सोचा भी नहीं होगा।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और पाक को बैटिंग करने के लिए आमंत्रित किया। पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज बाबर आज़म और सैम अयूब ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए कुल 55 रनों की भागीदारी की। अयूब 22 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हो गए।

बाबर आज़म की बल्लेबाजी अपेक्षाकृत धीमी रही। वह 29 गेंदों में 37 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उस्मान खान ने 5 और मोहम्मद रिजवान ने 22 रनों की पारी खेली। इरफ़ान खान ने 20 गेंदों का सामना किया और नाबाद 30 रनों की पारी खेल टीम को मजबूती प्रदान की।
अंतिम ओवरों में शादाब खान के बल्ले से तूफानी बैटिंग देखने को मिली। शादाब खान ने 20 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 41 रनों की पारी खेली और पाकिस्तान को 4 विकेट के नुकसान पर 178 रनों तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किये।
जवाब में खेलते हुए न्यूजीलैंड की तरफ से भी तेज बैटिंग देखने को मिली। कीवी ओपनर टिम साइफर्ट और रॉबिन्सन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 42 रनों की भागीदारी की। साइफर्ट ने 21 और रॉबिन्सन ने 28 रनों की पारी खेली। उनके बाद डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 31 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
मुश्किल स्थिति में मार्क चैपमैन ने धमाका कर दिया और टीम के लिए तेजी से रन बनाए। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ा दी। चैपमैन फिफ्टी जड़ने के बाद भी टिके रहे और 42 गेंद में नाबाद 87 रन बनाकर लौटे। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के जड़े। न्यूजीलैंड ने 19वें ओवर में 3 विकेट पर 179 रन बनाकर मैच जीत लिया। सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर है। दो मैच शेष हैं। कीवी टीम के सीनियर खिलाड़ी भारत में आईपीएल खेल रहे हैं और नई टीम ने पाकिस्तान में धमाका कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications