ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने से किया इनकार, तालिबान का यह फैसला है वजह
ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज मार्च 2023 में प्रस्तावित थी। यह सीरीज यूएई में होने थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज से हटने का फैसला किया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसी साल मार्च में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज को रद्द करने का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज यूएई में खेली जानी थी। हालांकि अभी शेड्यूल की घोषणा नहीं हुई थी, लेकिन अब ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज को नहीं खेलेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के द्वारा महिलाओं पर लगाए गए ताजा प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस वनडे सीरीज से हटने का फैसला किया है।
तालिबान के फैसले को लेकर हटा ऑस्ट्रेलिया
आपको बता दें कि हाल ही में अफगानिस्तान के अंदर तालिबानी सरकार ने महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा और रोजगार को लेकर नए प्रतिबंध लगा दिए थे। तालिबान ने किशोर लड़कियों के स्कूल जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही महिलाओं को अफगानिस्तान में यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने से रोक दिया था। तालिबानी सरकार के इस फैसले की दुनियाभर में आलोचना हुई थी। इसी फैसले के खिलाफ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज से हटने का फैसला किया है।
सीरीज रद्द होने से ऑस्ट्रेलिया को हुआ नुकसान
आपको बता दें कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले से उन्हें नुकसान और अफगानिस्तान को जबरदस्त फायदा हुआ है। दरअसल, यह वनडे सीरीज ICC वनडे सुपर लीग पॉइंट सीरीज के आधार पर प्रस्तावित थी, लेकिन अब ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले के बाद सभी 30 पॉइंट अफगानिस्तान को दे दिए जाएंगे। वनडे सीरीज से हटने के फैसले के बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की गवर्निंग बॉडी की ओर से जानकारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications