Ashes 2025: 97 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड! इंग्लैंड ने 14 साल बाद टेस्ट जीतकर रचा इतिहास
AUS vs ENG Ashes 2025 Highlights: एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करने में कामयाब रही। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए 'बॉक्सिंग डे टेस्ट' को इंग्लैंड ने मात्र दो दिनों के भीतर 6 विकेट से जीतकर दुनिया को हैरान कर दिया है। इंग्लैंड के लिए यह जीत किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 14 साल और 11 महीने के लंबे इंतजार के बाद कोई टेस्ट मैच जीता है।
97 साल बाद हुआ ऑस्ट्रेलिया का ऐसा हाल (AUS vs ENG Ashes 2025 Highlights)
इससे पहले इंग्लैंड ने आखिरी बार जनवरी 2011 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट फतह किया था। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बनाए हुए है, लेकिन इस जीत ने इंग्लैंड के आत्मसम्मान को जरूर वापस लौटाया है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा। पूरी टीम दोनों पारियों को मिलाकर मात्र 79.5 ओवर ही खेल सकी। यह 1928 के बाद ऑस्ट्रेलिया का सबसे खराब प्रदर्शन है।

एक-एक रन के लिए तरसते नजर आए बल्लेबाज
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 152 रन और दूसरी पारी 132 रन पर सिमट गई। पूरी टीम ने 20 विकेट खोने के लिए केवल 479 गेंदों का सामना किया, जो साल 1900 के बाद से उनके इतिहास का चौथा सबसे न्यूनतम आंकड़ा है। मेलबर्न की जिस पिच पर पिछले साल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवें दिन तक खेल चला था, वहां इस बार बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरसते नजर आए।
विवादों में मेलबर्न की पिच
सिर्फ पांच सेशन के भीतर 30 विकेट गिर जाना टेस्ट क्रिकेट की साख पर सवाल खड़े करता है। पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने इस पिच को 'मजाक' करार दिया है। पिच इतनी चुनौतीपूर्ण थी कि बल्लेबाजों के लिए टिकना लगभग असंभव हो गया था। 121 साल पहले 1904 में भी इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने सबसे कम गेंदें खेली थीं और आज इतिहास फिर खुद को दोहराता हुआ दिखा।
इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य था, जिसे उन्होंने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हालांकि इंग्लैंड ने भी अपने विकेट जल्दी गंवाए, लेकिन छोटी-छोटी साझेदारियों ने उन्हें ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में 2011 के बाद पहला टेस्ट जीता है। मैच केवल दो दिन और पांच सेशन में ही समाप्त हो गया।












Click it and Unblock the Notifications