एशियन गेम्स क्रिकेट में फाइनल की दोनों टीमों को मिलेगा गोल्ड मेडल, आखिर क्यों बनाया ऐसा अजीब नियम?
Asian Games 2026 Cricket Final: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले शुरू हो चुके हैं और भारतीय पुरुष टीम की नजरें एक बार फिर गोल्ड मेडल पर हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इस बार अपने एशियाई खेलों के खिताब का बचाव करने उतरी है। सेमीफाइनल जीतने से टीम इंडिया को फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा।
ऐसे में एक सवाल स्वाभाविक है कि अगर एशियन गेम्स 2026 का क्रिकेट फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया तो गोल्ड मेडल किसे मिलेगा? अब तक आइची नागोया में बारिश का खलल काफी ज्यादा देखने को मिला है। ऐसे में फाइनल बारिश से धुला तो मेडल किसे मिलेगा? यह बड़ा सवाल है।

फाइनल में बारिश आई तो किसे मिलेगा गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल के नियमों के मुताबिक, अगर बारिश या खराब मौसम के कारण फाइनल में कोई परिणाम नहीं निकलता है, तो दोनों फाइनलिस्ट टीमों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। यानी इस स्थिति में किसी एक टीम को सिर्फ बेहतर सीडिंग या ICC T20I रैंकिंग के आधार पर विजेता घोषित नहीं किया जाएगा। दोनों टीमों को संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक मिलेगा।
यह बदलाव इसलिए भी अहम है क्योंकि एशियन गेम्स जैसे मल्टी-स्पोर्ट इवेंट में क्रिकेट के लिए रिजर्व डे रखना आसान नहीं होता। एक ही शहर में कई खेलों के मुकाबले और सीमित वेन्यू उपलब्ध होने के कारण शेड्यूल को आगे खिसकाने की गुंजाइश काफी कम रहती है। पिछली बार भारत और अफगानिस्तान का फाइनल बारिश से धुलने के बाद टीम इंडिया को टॉप रैंक के कारण गोल्ड मेडल मिला था, इस फैसले की आलोचना हुई थी।
मैच आयोजित कराने का होगा प्रयास
पहले तो यही प्रयास किया जाएगा कि किसी भी तरह कम से कम पांच ओवर का गेम आयोजित किया जाए। इसके बाद भी अगर मुकाबला आयोजित नहीं किया जा सकता है, तो गोल्ड मेडल देने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं होगा। अब देखना होगा कि इस बार फाइनल में किन टीमों को जगह मिलती है।


Click it and Unblock the Notifications
