एशियन क्रिकेट काउंसिल ने नजम सेठी के कमेंट का किया जोरदार खंडन, PCB चीफ ने जय शाह पर ली थी चुटकी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नजम सेठी एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह पर कटाक्ष किया था। ये मामला एशिया कप का शेड्यूल जारी करने को लेकर था जिस पर नजम ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से इस बारे में कोई सलाह नहीं ली।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन नजम सेठी ने जय शाह की अध्यक्षता वाली एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) पर आरोप लगाया है कि पाकिस्तान से बिना सलाह किए ही 2023 और 2024 का क्रिकेट कैलेंडर बना दिया गया। इन दावों का अब एसीसी ने खंडन किया है।
एसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर मैचों के क्रिकेट कैलेंडर की घोषणा की थी। एसीसी ने यह भी पुष्टि की थी कि एशिया कप सितंबर 2023 में आयोजित किया जाएगा।
पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी ने गुरुवार को एसीसी प्रमुख जय शाह पर कटाक्ष किया था और कहा कि अब तो जय शाह लगे हाथ पाकिस्तान सुपर लीग का भी कार्यक्रम तैयार करके दे दें।
अब एसीसी ने एक बयान में नजम सेठी के दावों को निराधार बताया और कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दिसंबर में एक ईमेल के जरिए एशियाई क्रिकेट के कैलेंडर के बारे में बताया गया था। लेकिन पाक बोर्ड की ओर से ही इसके बारे में बात नहीं की गई।
एसीसी ने कहा, "यह हमारे जानने में आया है कि पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी ने एसीसी अध्यक्ष द्वारा एकतरफा तौर पर कैलेंडर को अंतिम रूप देने और घोषणा करने पर कमेंट किया है। एसीसी स्पष्ट करना चाहता है कि उसने स्थापित उचित प्रक्रिया का पालन किया है। इस कैलेंडर को डेवलपमेंट कमेटी और फाइनेंस एंड मार्केटिंग कमेटी ने 13 दिसंबर 2022 को हुई मीटिंग में एप्रूव किया था।
एसीसी ने आगे बताया कि कैलेंडर के बारे में 22 दिसंबर, 2022 को एक ईमेल के माध्यम से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) सहित सभी भाग लेने वाले सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया गया था। इसके बावजूद पीसीबी की ओर से कोई कमेंट या सुझाव प्राप्त नहीं हुए थे।
एसीसी ने कहा, "ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिस्टर सेठी के कमेंट का कोई आधार नहीं हैं और एसीसी द्वारा इसका जोरदार खंडन किया जाता है।"
इससे पहले पीसीबी के पूर्व प्रमुख रमीज राजा द्वारा इस साल भारत में आयोजित होने वाले विश्व कप से हटने की धमकी दी गई थी। अब नजम सेठी ने कहा है कि इसका फैसला पाकिस्तान सरकार लेगी पाक टीम भारत जाएगी या नहीं। ये जय शाह द्वारा उस बयान को देने की प्रतिक्रिया के तौर पर कहा गया जिसमें बीसीसीआई सचिव ने स्पष्ट किया था भारत एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा बल्कि ये न्यूट्रल वेन्यू पर कराया जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications