8 रन पर सिमटी टीम, दूसरे ओवर में जीते विपक्षी, ICC के इस मैच में ना चौका लगा ना छक्का
नई दिल्ली, 4 जून: नेपाल की टीम केवल 8 रनों पर ढेर हो गई। अंडर -19 नेपाल महिला टीम शनिवार को आईसीसी अंडर 19 टी 20 महिला विश्व कप के एशिया क्वालीफायर में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ केवल आठ रन पर आउट हो गई। यह मुकाबले मलेशिया में खेले जा रहे हैं। नेपाल के लिए स्नेहा महारा ने सर्वाधिक तीन रन बनाए, जबकि छह बल्लेबाज बिना रन बनाए आउट हो गए। यूएई की गेंदबाज माहिका गौर चार ओवर में 2 रन देकर 5 विकेट लिए।

दूसरे ओवर में मैच खत्म
मैच में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने पहले तीन ओवर में अपने पहले चार विकेट केवल दो रन पर गंवा दिए। बल्लेबाज अंजलि बिशोकर्मा, सना प्रवीण, सृष्टि जायसी, कृतिका मरासिनी, आर श्रेष्ठ और एके यादव खाता भी नहीं खोल सकी। किरण कुमारी कुंवर, एपी मगर और ए कदयत ने एक-एक रन बनाए। एम राणा दो रन के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रही। यूएई ने दूसरे ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य का पीछा करके मैच जीत लिया।

चार ओवरों में केवल दो रन देकर 5 विकेट लिए
यूएई की दाहिने हाथ की ऑफ स्पिनर गौर ने नेपाल की बल्लेबाजी क्रम को तोड़ दिया जिन्होंने 22 डॉट गेंदें फेंकी, पांच विकेट लिए और चार ओवरों में केवल दो रन दिए। इंधुजा नंदकुमार ने उनका अच्छी तरह से साथ निभाया, जिन्होंने 19 डॉट गेंदें फेंकी, केवल छह रन दिए और तीन विकेट लिए। समायरा धरणीधरका ने नौवें नंबर की बल्लेबाज यादव का विकेट अपनी पहली ही गेंद से हासिल किया। फिर दसवें नंबर पर कादयात रन आउट हो गईं और नौवें ओवर में ही नेपाल की पारी खत्म हो गई।

नेपाल हमेशा इसको भूलना चाहेगा
यूएई की सलामी बल्लेबाज तीर्थ सतीश और लावण्या केनी नाबाद रहीं, उन्होंने क्रमशः चार और तीन रन बनाए। दूसरी पारी के पहले ओवर के बाद स्कोर बराबर था और अगली ही गेंद पर लक्ष्य का पीछा हो गया। खेल की दोनों पारियों में कोई छक्का या चौका नहीं लगा। यह मैच निश्चित रूप से रिकॉर्ड बुक में जाएगा और नेपाल हमेशा इसको भूलना चाहेगा।
नेपाल ने 3 जून (शुक्रवार) को अपने पिछले मैच में कतर के खिलाफ 79 रन से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कतर को केवल 38 रन पर आउट कर दिया था लेकिन क्रिकेट कहते हैं कि अनिश्चिंताओं का ही खेल है।












Click it and Unblock the Notifications