Asia Cup: बस एक जीत, फिर Virat Kohli से बड़े कप्तान बन जाएंगे Rohit Sharma
पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका रहेगा।
नई दिल्ली, 27 अगस्त: दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का इंतजार अब बस खत्म होने वाला है। रविवार, 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी। ये महामुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया पिछले साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से मिली शर्मनाक हार का बदला लेने के लिए मैदान पर उतरेगी। पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका रहेगा।

कोहली के बराबर पहुंचेंगे हिटमैन
बतौर कप्तान रोहित शर्मा पूर्व कप्तान विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। दरअसल, पाक के खिलाफ दुबई में भारतीय टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करती है तो बतौर कप्तान रोहित की T20I में कुल 30वीं जीत होगी। उनसे पहले विराट कोहली ने भी अपनी अगुआई में भारत के लिए 30 मैच जीते थे। ऐसे में एक जीत के साथ ही हिटमैन किंग कोहली की बराबरी पर पहुंच जाएंगे।

शर्मा जी के आंकड़े ज्यादा बेहतर
जीत के बाद भले ही रोहित, विराट की बराबरी पर पहुंचे, लेकिन कई मायनों में वो सिर्फ एक जीत के साथ ही कोहली से काफी आगे निकल जाएंगे। दरअसल, विराट कोहली ने 50 T20I मैचों में कप्तानी करते हुए 30 मैच जीते थे और पाक के खिलाफ भारत जीतता है तो ये जीत रोहित को बतौर कप्तान उनके 36वें मैच में मिलेगी।
रोहित शर्मा का जीत प्रतिशत भी विराट कोहली से काफी ज्यादा रहा है। 50 मैचों में कप्तानी करते हुए विराट का जीत प्रतिशत 64.58 था और टीम ने 16 मैच हारे। वहीं, हिटमैन का जीत प्रतिशत 82.85 है और टीम ने सिर्फ 6 मैच गंवाए हैं। ये आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि 30 जीत के साथ ही रोहित विराट की बराबरी पर नहीं बल्कि उनसे एक आगे ही निकल जाएंगे।

टॉप पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम
भारत के लिए बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड पूर्व दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर दर्ज है। धोनी ने 72 मैचों में टीम की कमान संभालते हुए 41 में जीत दर्ज की और 28 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। 1 मैच टाई रहा और 2 को परिणाम नहीं आ सका। एमएस का जीत प्रतिशत 59.28 था। माही की कप्तानी में भारत ने 2010 और 2016 के एशिया कप खिताब जीते। 2010 का एशिया कप 50 ओवर फॉर्मेट और 2016 का टी20 फॉर्मेट में खेला गया था।

सरफराज को छोड़ेंगे पीछे
T20I में एक मैच जीतने के साथ ही रोहित शर्मा बतौर कप्तान सरफराज अहमद को भी पीछे छोड़ देंगे। सरफराज ने पाकिस्तान के लिए 37 मैचों में कप्तानी करते हुए 29 मुकाबले जीते थे और 8 में टीम को हार मिली।
टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ओएन मॉर्गन और अफगानिस्तान के असगर अफगान (42) के नाम पर दर्ज है। दूसरे नंबर पर एमएस धोनी (41) और तीसरे पर एरोन फिंच (35) का नाम आता है।












Click it and Unblock the Notifications