ये जिंदगी है जनाब, उतार-चढ़ाव का खेल, कोहली को 'बेस्ट' बताकर बाबर आजम ने एक सलाह भी दी
दुबई, 28 अगस्त: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने एक बार फिर भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए अपना भरोसा जताया है। भारत और पाकिस्तान के बीच आज शाम एशिया कप में मुकाबला होने जा रहा है जिस पर सबकी नजरें हैं। इसी मैच से पहले होने वाली प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बाबर आजम ने विराट कोहली को दुनिया में बेस्ट बल्लेबाजों में एक बताया है। आजम का कहना है कि जिंदगी में कुछ भी आसानी से नहीं मिलता है ऐसे में विराट कोहली अगर आउट ऑफ फॉर्म हो गए तो यह इतनी बड़ी बात नहीं है। क्योंकि बड़ी बात यह है कि एक खिलाड़ी इस दौड़ से कैसे बाहर निकलता है।

जिंदगी आसान नहीं
बाबर आजम ने कहा, जिंदगी आसान नहीं है। हर पड़ाव पर कुछ ना कुछ चुनौतियां हैं। ये आपके ऊपर है कि आप किस तरह से उपलब्धियों को हासिल करते हैं और किस तरीके से उन चुनौतियों का सामना करते हैं। विराट अभी भी दुनिया के बेस्ट बल्लेबाजों में एक है। आप उनके जैसे खिलाड़ी के साथ कैसे प्रतिद्वंद्विता करते हैं और वह भी अलग-अलग हालातों में, यह काफी महत्वपूर्ण है।
बाबर आजम ने जोर दिया कि एक एथलीट को अपने जीवन में आई असफलताओं का सामना करने के लिए बहुत ही मजबूत होना चाहिए।

आपको फेल भी होना होता है
दाएं हाथ के सदाबहार बल्लेबाज ने कहा कि हर क्रिकेटर अपने करियर में उतार-चढ़ाव से गुजरता है। केवल सफलता ही नहीं मिलती है आपको फेल भी होना होता है। आपको अपने माइंडसेट में काफी मजबूत होना होता है क्योंकि कई बार चीजें आपके पक्ष में नहीं जाती। पिछली बार जब पाकिस्तान की टीम भारत से खेली थी तो उन्होंने टीम इंडिया को 10 विकेट से हराने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन इस बार उस मैच के हीरो शाहीन शाह अफरीदी नहीं है और बाबर आजम भी पिछली जीत पर ज्यादा फोकस नहीं करना चाहते।

टीम अलग है, हालात भी थोड़े अलग हैं
वे कहते हैं, ईमानदारी की बात तो यह है कि वह खेल अब बीत चुका है। रविवार को जो मैच होगा, उस पर पिछले मुकाबले का कोई प्रभाव नहीं होगा। मेरा पूरा फोकस आने वाले मुकाबले पर है। टीम अलग है, हालात भी थोड़े अलग हैं। हालांकि एक टीम के तौर पर हम कॉन्फिडेंट है। हम खेल से पहले बड़ी-बड़ी बातें नहीं करना चाहते। हम मैदान में खुद को साबित करना चाहते हैं। एक कप्तान के तौर पर मैं अपना 100% देने के लिए तैयार हूं।












Click it and Unblock the Notifications