'कोई तुम्हारी मदद नहीं करेगा', Asia Cup से श्रेयस आउट, वरुण धवन ने शेयर किया दर्द भरा वीडियो
Asia Cup 2025 Varun Dhawan on Shreyas Iyer: बेहतरीन भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को एशिया कप 2025 की टीम में जगह नहीं मिली है। इस खबर के सामने आने के बाद से फैंस के साथ बॉलीवुड भी हैरान है। इस लिस्ट में अब एक बड़ा नाम जुड़ गया है। बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल स्टोरी शेयर कर श्रेयस अय्यर के प्रति अपना सपोर्ट दिखाया है।
जबरदस्त प्रदर्शन के बाद भी बाहर अय्यर (Asia Cup 2025 Varun Dhawan on Shreyas Iyer)
दरअसल, एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है, लेकिन इस स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर का नाम नहीं है। यह फैसला सभी के लिए चौंकाने वाला है, क्योंकि अय्यर ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया था। चैंपियंस ट्रॉफी में अय्यर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने पांच पारियों में 243 रन बनाए और टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।

आईपीएल 2025 में भी किया था कमाल
इतना ही नहीं, आईपीएल 2025 में भी उनका बल्ला खूब चला। पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए अय्यर ने 17 मैचों में 604 रन बनाए और टीम को फाइनल तक पहुंचाया। इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद अय्यर का टीम से बाहर होना फैंस के लिए समझ से परे है। क्रिकेट के कई दिग्गज श्रेयस अय्यर के टीम में नहीं होने पर सवाल उठा रहे हैं।
वरुण धवन ने शेयर की स्टोरी
वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में श्रेयस के पुराने वीडियो शेयर किए, जिनमें अय्यर टीम में न चुने जाने के अनुभव पर बात कर रहे हैं। वरुण का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस वीडियो में श्रेयस के अलग-अलग मौकों के वीडियो हैं, जहां श्रेयस अपने बारे में बात कर रहे हैं। इसमें अय्यर कहते हैं कि कोई तुम्हारी मदद नहीं करेगा, जहां मुझे लगा था कि मैं टीम में चुना जाउंगा, मुझे नहीं चुना गया था।
नहीं चुने जाने के पीछे बताई गई ये वजह
बीसीसीआई की ओर से जारी 15 सदस्यीय टीम में सूर्यकुमार यादव को कप्तान और शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी टीम में शामिल हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अय्यर को टीम से बाहर करने पर कहा कि यह किसी की गलती नहीं है, न उनकी और न हमारी। अभी हमारे पास जो ऑप्शन हैं, उनमें से हमें 15 खिलाड़ियों का चुनाव करना था। अय्यर को थोड़ा इंतजार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications